Wednesday, February 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगराकिरावली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न: 81 शिकायतें दर्ज, 09 का...

किरावली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न: 81 शिकायतें दर्ज, 09 का मौके पर निस्तारण

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील किरावली में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनकी सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद संबंधी शिकायतों को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर समस्या को विस्तार से समझा जाए तथा समाधान के बाद स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 शिकायतों का तत्काल निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में चकरोड निर्माण, नाली निर्माण, अवैध अतिक्रमण और राजस्व विवाद से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। विभागवार शिकायतों में—

राजस्व विभाग: 48, राजस्व एवं पुलिस संयुक्त: 21, विकास विभाग: 08, विद्युत विभाग: 02, अन्य श्रेणी: 02

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य प्रगति को पोर्टल व गूगल शीट पर नियमित रूप से अपडेट करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से निस्तारित करने और शिकायत क्लोज करते समय निस्तारण आख्या का अनिवार्य अध्ययन करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम किरावली नीलम, तहसीलदार दीपांकर, नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments