Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशछह माह से वेतन लंबितः रोजगार सेवकों का फूटा गुस्सा,बीडीओ को सौंपा...

छह माह से वेतन लंबितः रोजगार सेवकों का फूटा गुस्सा,बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकास खंड सिसवा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने पिछले छह महीने से रुके वेतन भुगतान सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को विकास खंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
ग्राम रोजगार सेवकों ने वेतन न मिलने से उत्पन्न गंभीर आर्थिक संकट की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
ब्लाक उपाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे ग्राम रोजगार सेवकों ने बताया कि विगत छह माह से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने तक का संकट खड़ा हो गया है। स्थिति यह है कि कई कर्मचारियों के घरों में भुखमरी जैसे हालात बन गए हैं। राशन, दवाइयों की खरीद और बच्चों की पढ़ाई की फीस तक जमा नहीं हो पा रही है, जिससे परिवारों पर मानसिक और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
रोजगार सेवकों ने यह भी कहा कि लंबे समय से ईपीएफ की राशि जमा न होने के कारण भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में कर्मचारियों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए और भविष्य में समय से मानदेय व ईपीएफ जमा करने की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बीडीओ अर्जुन चौधरी ने रोजगार सेवकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और शीघ्र ही उच्चाधिकारियों से समन्वय कर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा और भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीप देश,पल्लवी श्रीवास्तव,किरन जायसवाल, साधना, बलजीत, कात्यायनी पटेल, रीता, पूनम चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments