Tuesday, March 24, 2026
HomeUncategorizedनिर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर आयुक्त रेल क्षेत्र की नजर, 21 जनवरी...

निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर आयुक्त रेल क्षेत्र की नजर, 21 जनवरी को महराजगंज में प्रथम भ्रमण

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयुक्त रेल क्षेत्र के रूप में नियुक्त वरिष्ठ अधिकारी का प्रथम भ्रमण 21 जनवरी 2026 को जनपद महराजगंज में प्रस्तावित है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार आयुक्त के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक आयुक्त 21 जनवरी को अपराह्न 12 बजे महराजगंज पहुंचेंगे। सबसे पहले कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनपद के सांसद, विधायकों तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में मतदाता सूची के प्रथम पुनरीक्षण, दावे एवं आपत्तियों की स्थिति, निर्वाचन तैयारियों और जमीनी हकीकत पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राजनीतिक दलों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना जाएगा।
बैठक के पश्चात अपराह्न 12:30 बजे आयुक्त द्वारा जनपद के संबंधित मतदान बूथों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान बूथों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाएं, मतदाताओं की सुविधा, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाएं, बीएलओ की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार प्रत्येक बिंदु की मौके पर जांच की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयुक्त के भ्रमण से पूर्व सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही दावे एवं आपत्तियों से संबंधित समस्त सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में संकलित कर 20 जनवरी को अपराह्न 3 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि समेकित रिपोर्ट समय से आयुक्त को प्रेषित की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि आयुक्त का यह भ्रमण निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल मतदाता सूची की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि राजनीतिक दलों और प्रशासन के बीच समन्वय भी सुदृढ़ होगा। जनपद प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments