रेल हादसा: मानवरहित क्रॉसिंग पर गरीब रथ की चपेट में बाइक, पति-पत्नी और दो बच्चों समेत पांच की मौत

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में पति-पत्नी, उनके दो मासूम बच्चों और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बरेली-रोजा रेलखंड पर रोजा जंक्शन के पास स्थित मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार गरीब रथ एक्सप्रेस ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।

हादसा शाम करीब 6:10 बजे उस समय हुआ, जब बरेली से लखनऊ की ओर जा रही 12204 सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस रोजा स्टेशन के आउटर पर पहुंच रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार पांच लोग रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहे थे।

एक ही बाइक पर सवार थे पांच लोग

मृतकों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के थाना उचौलिया क्षेत्र के गांव बनका निवासी हरिओम (26), शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र के विक्रमपुर चकौरा उर्फ बिकन्नापुर निवासी सेठपाल (32), उनकी पत्नी पूजा (26) और उनके दो बच्चे—चार वर्षीय निधि व डेढ़ वर्षीय सूर्या के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रेलवे लाइन पर पहुंचते ही अचानक बंद हो गई। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक इंजन में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई।

ये भी पढ़ें – बहराइच में हिंसक जंगली जानवर का हमला, बचाने गया दूसरा ग्रामीण भी घायल, जिला अस्पताल रेफर

शॉर्टकट बना हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि हरिओम रोजा की मठिया कॉलोनी में अपने पिता लालाराम के घर आए थे। शाम को सभी लोग लखीमपुर खीरी अपने गांव लौट रहे थे। समय बचाने के लिए उन्होंने मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने का रास्ता चुना, जो जानलेवा साबित हुआ।

45 मिनट तक प्रभावित रहा रेल संचालन

हादसे के बाद गरीब रथ एक्सप्रेस का प्रेशर पाइप क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे डाउनलाइन पर करीब 45 मिनट तक रेल संचालन ठप रहा। इस दौरान बरेली-बनारस एक्सप्रेस और मुगलसराय एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रोका गया। मरम्मत और शवों को हटाने के बाद ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया।

पुलिस व प्रशासन मौके पर

सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे अधिकारी और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार और सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्रा पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार करते समय यह हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें – पुरी जगन्नाथ मंदिर में 46 साल बाद रत्न भंडार के आभूषणों की होगी गिनती, जनवरी से शुरू होने की संभावना

Karan Pandey

Recent Posts

एक करोड़ की लागत से बनेगी केवलापुर-जिनवा टोला की सड़क, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

1100 मीटर लंबे मार्ग का विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया शिलान्यास, गुणवत्ता और समयबद्ध…

12 hours ago

धान खरीद में लापरवाही पर डीएम सख्त, निर्माण में देरी पर नोटिस के निर्देश

आनंद नगर मंडी के आठ क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों की सुविधा और…

12 hours ago

छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम ने किया निरीक्षण

महिला व्रतियों की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी, संवेदनशील घाटों…

12 hours ago

छठ महापर्व को लेकर घाटों पर बनने लगीं बेदियां, बाजारों में उमड़ी भीड़

पूजन सामग्री की खरीदारी से गुलजार हुआ बरहज का बाजार, जाम से राहगीर परेशान बरहज/देवरिया…

12 hours ago

राप्ती नदी में डूबे युवक की तलाश खत्म, गोरखपुर में मिला शव

प्रतिमा विसर्जन के दौरान खड़खड़िया पुल के पास हुआ था हादसा, कई घंटे तक चला…

12 hours ago

जिस घर में गूंज रही थीं पर्व की खुशियां, वहां पसरा मातम

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)।घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। परिवार पर्व की…

12 hours ago