इंदौर दौरे पर राहुल गांधी, दूषित जल से प्रभावित इलाकों का किया दौरा

पीड़ित परिवारों से मिले, बोले– स्मार्ट सिटी में पीने का पानी नहीं, सरकार जिम्मेदार

इंदौर (राष्ट्र की परम्परा)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को इंदौर दौरे पर रहे। सबसे पहले उन्होंने निजी क्षेत्र के बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचकर उल्टी-दस्त के प्रकोप से भर्ती चार मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत की। इसके बाद राहुल गांधी दूषित पेयजल से प्रभावित भागीरथपुरा क्षेत्र पहुंचे और वहां पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

इस दौरान राहुल गांधी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे।

केंद्र और राज्य सरकार पर राहुल गांधी का हमला

भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“हमें स्मार्ट सिटी का वादा किया गया था। यह स्मार्ट सिटी का नया मॉडल है, जहां लोगों को पीने का साफ पानी तक नहीं मिल रहा और आवाज उठाने वालों को धमकाया जा रहा है। इंदौर में दूषित पानी पीने से लोगों की मौत हुई है। यह शहरी विकास का मॉडल सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में यही हाल है।”

ये भी पढ़ें – ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन के बीच भारत लौटे नागरिक, बोले– हालात सामान्य

सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में सरकार को जिम्मेदारी लेनी होगी। “इस लापरवाही से जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। आज भी इंदौर के लोगों को साफ पीने का पानी नहीं मिल रहा। लोग केवल वही मांग रहे हैं, जो सरकार का कर्तव्य है—स्वच्छ और भरोसेमंद पेयजल की व्यवस्था।”
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते जनता की समस्याएं उठाना उनकी जिम्मेदारी है और इसे राजनीति कहा जाए या कुछ और, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस का दावा– 24 लोगों की मौत

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 से 10 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

सम्मेलन की अनुमति नहीं मिलने का आरोप

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस दूषित पेयजल की समस्या के समाधान पर सकारात्मक चर्चा के लिए राहुल गांधी की मौजूदगी में बुद्धिजीवियों, पर्यावरणविदों और नगर निगम पार्षदों का सम्मेलन आयोजित करना चाहती थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में लगभग 70 प्रतिशत पानी पीने योग्य नहीं है और दूषित पानी लोगों के लिए “धीमा जहर” बन चुका है, जिससे किडनी और अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।

ये भी पढ़ें – इतिहास के प्रतिशोध के बहाने संघी कुनबे का इतिहास के साथ प्रतिशोध-बादल सरोज

राज्य सरकार की रिपोर्ट में अलग आंकड़े

मृतकों की संख्या को लेकर विरोधाभासी दावों के बीच मध्यप्रदेश सरकार ने उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में पेश रिपोर्ट में उल्टी-दस्त प्रकोप के दौरान पांच माह के शिशु समेत सात लोगों की मौत का उल्लेख किया है।
वहीं, महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की ‘डेथ ऑडिट’ रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि 15 मौतें इस प्रकोप से किसी न किसी रूप में जुड़ी हो सकती हैं।

पीड़ित परिवारों को मुआवजा

प्रशासन ने उल्टी-दस्त प्रकोप के बाद जान गंवाने वाले 21 लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ मौतें अन्य बीमारियों के कारण हुईं, फिर भी सभी प्रभावित परिवारों को मानवीय आधार पर सहायता दी जा रही है।

Karan Pandey

Recent Posts

नाले जस के तस: 9.50 लाख के सफाई टेंडर पर उठे सवाल, सभासद गौरव निषाद ने किया भुगतान रोक कर जांच की मांग

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नगर पंचायत मगहर में नालों की सफाई…

2 hours ago

50 मछुआरों का एनएफडीपी पोर्टल पर हुआ पंजीकरण

कपरवार/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l मछली पालन, झींगा पालन, मछली विक्रेताओं, मत्स्य सहकारी समितियों, मछुआरा समूहों और…

2 hours ago

पंचायत चुनाव की निर्वाचक नामावली प्रकाशित, शुरू हुआ निरीक्षण

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा के अंतर्गत आने वाली…

2 hours ago

पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी,…

3 hours ago

सस्टेनेबिलिटी एम्बेसडर ग्लोबल एक्सचेंज कार्यक्रम में डीडीयू के सात विद्यार्थियों का चयन, बेंगलुरु में लेंगे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन इको नेटवर्क…

3 hours ago

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में प्रियंका का परचम, स्वर्ण पदक से बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रभादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद के शारीरिक शिक्षा संकाय (बीपीएड)…

3 hours ago