डाक विभाग का राजस्व 55 फीसदी बढ़ा, पोस्टल वारियर्स अभियान की समीक्षा
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने मंडलवार कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के दिए निर्देश
अहमदाबाद(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। भारतीय डाक विभाग बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ डिजिटल सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान राजस्व, बचत योजनाओं, बीमा, डिजिटल बैंकिंग और नागरिक केंद्रित सेवाओं में प्रगति की समीक्षा की गई। अहमदाबाद स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के ‘मेघदूतम्’ सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने की।
बैठक में मंडलाध्यक्षों और उपमंडलाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में चल रहे कार्यों और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। पोस्टमास्टर जनरल ने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की मंडलवार समीक्षा करते हुए समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने और व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया।
अगस्त तक 110.85 करोड़ रुपये का राजस्व
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर गुजरात डाक परिक्षेत्र का कुल राजस्व लक्ष्य 349.51 करोड़ रुपये निर्धारित है। अगस्त 2026 तक परिक्षेत्र ने 110.85 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। विभाग के अनुसार यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 55 प्रतिशत अधिक है।
पोस्टमास्टर जनरल ने डाकघरों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘पोस्टल वारियर्स अभियान’ की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान के तहत सिल्वर, गोल्ड, डायमंड और प्लेटिनम श्रेणियों में अधिक से अधिक डाकघरों को शामिल करने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
डिजिटल सेवाओं और त्वरित डिलीवरी पर जोर
कृष्ण कुमार यादव ने डाकघर काउंटरों पर डिजिटल लेनदेन बढ़ाने, पोस्टमैनों द्वारा डिलीवरी मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग और स्पीड पोस्ट व पार्सल की डी-प्लस-जीरो डिलीवरी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। पीएम विश्वकर्मा योजना के टूल किट की घर-घर डिलीवरी की निगरानी, सेवाओं की प्रभावी मार्केटिंग तथा सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से डिजिटल बैंकिंग को गांवों और आम नागरिकों तक और अधिक सुगम बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग अब केवल पत्र और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से बैंकिंग, बीमा, आधार और अन्य नागरिक सेवाओं को भी लोगों के करीब पहुंचा रहा है।
5.10 लाख नए बचत खाते खुले
समीक्षा में वित्तीय समावेशन से जुड़े आंकड़े भी सामने आए। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक करीब 5.10 लाख नए बचत खाते खोले गए हैं। इनमें लगभग 15,700 सुकन्या समृद्धि खाते शामिल हैं।
डाक जीवन बीमा के माध्यम से 145 करोड़ रुपये तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा के माध्यम से 27 करोड़ रुपये की प्रीमियम राशि प्राप्त हुई। वहीं, करीब 1.83 लाख लोगों ने डाकघरों के जरिए आधार सेवाओं का लाभ उठाया।
विभाग के अनुसार स्पीड पोस्ट से 25.15 करोड़ रुपये, पार्सल से 17.20 करोड़ रुपये, अंतरराष्ट्रीय डाक सेवा से 5.96 करोड़ रुपये और नागरिक केंद्रित सेवाओं से 7.80 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
1346 गांव बने ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में अब तक 1346 गांवों को ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’, 902 गांवों को ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और 651 गांवों को ‘सम्पूर्ण बचत ग्राम’ के रूप में विकसित किया जा चुका है।
बैठक में विभिन्न मंडलों के अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर आगे की प्राथमिकताएं तय की गईं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले डाक अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। प्रवर अधीक्षक रेल डाक सेवा पियूष रजक को सर्वाधिक डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए सम्मान मिला।
बनासकांठा मंडल के डाक अधीक्षक एच.सी. परमार को एक दिन में डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की 1029 पॉलिसियों के साथ 1.10 करोड़ रुपये के न्यू प्रीमियम के लिए सम्मानित किया गया। फॉरेन पोस्ट ऑफिस अहमदाबाद के मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव एम.एम. भारवाड़ को सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मेल बुकिंग तथा विसनगर, मेहसाणा के उप मंडलीय निरीक्षक विनुभाई भारवाड़ को ब्रांच पोस्ट ऑफिस के माध्यम से एक दिन में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मेल बुकिंग के लिए सम्मान मिला।
उदलपुर, मेहसाणा की ब्रांच पोस्टमास्टर निराली पटेल को एक दिन में 2658 स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं देनाप, मेहसाणा की ब्रांच पोस्टमास्टर रक्षा राजपूत और इपलोडा, साबरकांठा के ब्रांच पोस्टमास्टर श्वेतकुमार पटेल को उत्तर गुजरात के क्रमशः प्रथम और द्वितीय प्लेटिनम पोस्टल वारियर के रूप में सम्मानित किया गया।
बैठक में रेल डाक सेवा के प्रवर अधीक्षक पियूष रजक, अहमदाबाद सिटी मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगरदीवे, आईपीपीबी के चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, अहमदाबाद जीपीओ की सीनियर पोस्टमास्टर मंजुलाबेन पटेल समेत विभिन्न मंडलों के डाक अधीक्षक, सहायक निदेशक, सहायक अधीक्षक और निरीक्षक मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य को शासन से राहत, देवरिया वापसी की अटकलें ते देवरिया…
सोते समय सिर पर धारदार हथियार से किए चार वार, 17 संदिग्धों से पूछताछ के…
25 साल से सेवा सुरक्षा की आस, शिक्षकों ने कैशलेस चिकित्सा योजना का किया सांकेतिक…
बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को थाना…
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। रसड़ा क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में मां-बेटी की हत्या के मामले…
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। शहर के कसया रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास पोखरे में…