बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद में आयोजित तहसील दिवस (जनसुनवाई कार्यक्रम) के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने तहसील सभागार में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता के तुरंत बाद सीडीओ तहसील दिवस में पहुंचे और अध्यक्षता करते हुए जनसुनवाई की कार्यवाही प्रारंभ कराई।तहसील सभागार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से अवैध कब्जों, चकमार्गों के विवाद, वरासत (उत्तराधिकार) से जुड़े मामलों की भरमार रही। भूमि संबंधी प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर विवादों का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि विवादों में विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय सीमा, अधिकतम एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता मौके पर जाकर समाधान से संतुष्ट भी हो गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।ग्रामीण क्षेत्रों से पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतें भी प्रमुखता से सामने आईं। कई गांवों में बिजली कटौती तथा खराब हैंडपंपों के रीबोर न होने की शिकायतें दर्ज कराई गईं। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिशासी अभियंताओं को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल एवं बिजली व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पेंशन एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों में वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन के लंबित आवेदनों की शिकायतें सामने आईं। इस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी लंबित आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपडेट कर पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराया जाए।तहसील क्षेत्र के कई संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने को कहा गया।जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने या लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के प्रति सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।तहसील दिवस के इस आयोजन से फरियादियों को त्वरित राहत की उम्मीद जगी है तथा प्रशासन ने जनसमस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
