
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। अंतर्राष्ट्रीय मानव तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा ठूठीबारी में मानव तस्करी की रोकथाम के लिए एक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में सशस्त्र सीमा बल एसएसबी व कोतवाली पुलिस के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बीओपी ठूठीबारी के इंस्पेक्टर विशाल कुमार, उपनिरीक्षक लालचंद वर्मा तथा महिला उपनिरीक्षक खुशबू द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया।
रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, एनजीओ कार्यकर्ता व सुरक्षा बलों के जवान शामिल हुए। प्रतिभागियों ने ठूठीबारी बाजार होते हुए हम सबने यह ठाना है, मानव व्यापार मिटाना है, बेटी-बेटा को पढ़ाएंगे, बाल व्यापार से बचाएंगे, जन-जन की हो यही पुकार, बंद करो मानव व्यापार उद्घोष के साथ लोगो को जागरूक किया गया। रैली का समापन एसएसबी कैंप में किया गया।
असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव तस्करी विश्व की तीसरी सबसे बड़ी तस्करी है। जिस पर रोक लगाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। यह लड़ाई केवल सरकारी एजेंसियों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है और जागरूकता ही इसका सबसे प्रभावी हथियार है।
इस दौरान सेवा क्लस्टर हेड वरुण मिश्रा, अंजली मिश्रा, अनुराधा, एसएसबी एसआई त्रिलोक चंद, महिला आरक्षी सीमा राज, सुबे सिंह, विनीता देवी, कोतवाली की म. का अंकित यादव, तनु मिश्रा, का. मनोहर यादव, नेपाल एनजीओ बिंदा थापा, यमुना बागले सहित पुलिस, एसएसबी व स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहें।
