तीन आरोपित गिरफ्तार, 50 लीटर शराब, 24 शीशी बंटी -बबली और नाव बरामद, शराब माफिया पर कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने एक साथ बड़ा अभियान चलाकर शराब कारोबारियों के ठिकानों पर धावा बोला। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान 64 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 17 क्विंटल लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान करीब 770 लीटर अवैध कच्ची शराब को भी मौके पर ही निष्प्रभावी कर नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बंटी- बबली (देशी शराब) और एक नाव बरामद की गई। नाव की बरामदगी से पुलिस की कार्रवाई में शराब के परिवहन के लिए जलमार्ग के इस्तेमाल का पहलू भी सामने आया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर समन्वित ढंग से कार्रवाई की। एक साथ बड़ी संख्या में ठिकानों पर छापेमारी होने से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस ने मौके पर मिले लहन और शराब निर्माण सामग्री को नष्ट करते हुए अवैध कारोबार की कड़ी तोड़ने का प्रयास किया गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।