Saturday, March 14, 2026
HomeNewsbeatराष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने लिया लोकतंत्र को मजबूत करने का...

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने लिया लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, महराजगंज में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कार्यालय में कार्यरत सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों ने देश के संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा आम जनमानस को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की आत्मा और उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त होता है जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी ईमानदारी और निर्भीकता के साथ करता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश भी पहुंचाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस बल समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ है और चुनावी प्रक्रिया के दौरान उसकी भूमिका निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जिम्मेदार होती है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी का यह कर्तव्य है कि वह स्वयं भी आदर्श मतदाता बने और दूसरों को भी लोकतंत्र में सहभागिता के लिए प्रेरित करे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाता और निष्पक्ष मतदान अनिवार्य है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments