संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। महाशिवरात्रि पर्व पर जिले भर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिला मुख्यालय खलीलाबाद के दक्षिण स्थित महाभारत कालीन तामेश्वरनाथ शिव मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। मंदिर परिसरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दिन भर रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिरों के बाहर बैरिकेडिंग, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल तैनात रहा और प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी गई।
महिलाएं, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में उपवास रखकर पूजा में शामिल हुए। कई स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन हुआ। देर रात तक भक्तों का मंदिरों में आना-जाना जारी रहा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा जिला शिवमय नजर आया और आस्था, श्रद्धा व उल्लास के बीच पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले भर जगह जगह श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया।
