बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और सरकार का लक्ष्य है कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलने वाला ‘स्कूल चलो अभियान’ इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए संचालित किया जा रहा है। इसके तहत शिक्षक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सरकार द्वारा बच्चों को मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल में भी सरकार ने लोगों तक राशन पहुंचाकर किसी को भूखा नहीं रहने दिया।इस अवसर पर मंत्री ने विद्यालय में बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का स्वाद चखा और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। साथ ही ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मंत्री ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेज, नया जेल परिसर, रोडवेज, स्पोर्ट्स स्टेडियम, बाईपास और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, सीडीओ, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
