Monday, March 9, 2026
HomeNewsbeatअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता शिविर में महिला सम्मान का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता शिविर में महिला सम्मान का संदेश

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
मुख्य अतिथि प्रो. उमा श्रीवास्तव, अध्यक्ष गणित एवं सांख्यिकी विभाग ने अपने उद्बोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए इसकी उत्पत्ति और महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्राचीन भारत में महिलाओं की गौरवशाली परंपरा और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव उच्च स्थान प्राप्त रहा है। साथ ही वर्तमान समय में महिलाओं के शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्रों में बढ़ते योगदान की सराहना की।
मुख्य वक्ता प्रो. अनुभूति दुबे, अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान और समान अवसरों पर निर्भर करती है। उन्होंने उपस्थित छात्रों को महिला सम्मान और लैंगिक समानता की शपथ दिलाई तथा समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. राम रतन सिंह, निदेशक कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर निरंतर प्रयासों के माध्यम से समाज में व्यवहारिक रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सत्यपाल सिंह ने विषय प्रवर्तन करते हुए महिला दिवस की प्रासंगिकता तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नुपूर सिंह ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा डॉ. तलहा अंसारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर बलिंदर यादव, विनीत सिंह, राजेंद्र मौर्य सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया तथा उपस्थित सभी लोगों ने महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार बनाए रखने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments