Saturday, February 28, 2026
HomeNewsbeatतरकुलवा में अवैध कच्ची शराब पर बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार

तरकुलवा में अवैध कच्ची शराब पर बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तरकुलवा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम कोन्हवलिया में छापेमारी कर 45 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा लगभग 600 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) की निगरानी और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुखबिर की सूचना पर की गई दबिश में 9 प्लास्टिक पिपियों में भरी 45 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। चार महिलाओं को 20 लीटर और तीन पुरुष अभियुक्तों को 25 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी अभियुक्त ग्राम कोन्हवलिया, थाना तरकुलवा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मु0अ0सं0 56/2026 एवं 57/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

छापेमारी के दौरान शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 600 किलोग्राम लहन भी बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है।

अभियान में थाना प्रभारी तरकुलवा भूपेन्द्र सिंह सहित पुलिस बल और आबकारी विभाग की टीम शामिल रही। संयुक्त टीम ने गांव में घेराबंदी कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की, जिससे किसी भी अभियुक्त को फरार होने का अवसर नहीं मिला।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निष्कर्षण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments