महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के पनियरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हेमछापर के पोखरा टोला में शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय सुभाष पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जिंदापुर, थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वह पिछले करीब आठ महीनों से हेमछापर स्थित एक छावनी परिसर में रहकर कार्य कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह जब ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पनियरा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। छावनी मालिक मेराज जफर हाशमी की मौजूदगी में पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। बताया जा रहा है कि शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका हुआ था।
ये भी पढ़े – Eid 2026: ईदगाह पहुंचे पूर्व विधायक राजेश यादव, गले मिलकर दिया भाईचारे का संदेश
पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, हालांकि मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आत्महत्या या अन्य किसी आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में शोक व भय का माहौल व्याप्त है।
ये भी पढ़े – भारत गौरव सम्मान से अलंकृत हुए कवि डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’
