महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
प्रभारी यातायात के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों और आम नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और नशे की हालत में वाहन न चलाने को लेकर जागरूक किया और नियमों के पालन की अपील की।
ऑपरेशन कार-ओ-बार के तहत सघन चेकिंग
इसी क्रम में ऑपरेशन कार-ओ-बार के तहत महराजगंज–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर सेमरा टोल प्लाजा के पास यातायात पुलिस, आरटीओ महराजगंज और थाना भिटौली की संयुक्त टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

ये भी पढ़ें – Mau Railway Station: मऊ जंक्शन पर घूम रहे 12 संदिग्ध गिरफ्तार, RPF की सख्त कार्रवाई
इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर की मदद से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। जांच में दोषी पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 03 वाहनों का चालान किया गया और कुल ₹30,000 का जुर्माना वसूला गया।
सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह के यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। आमजन से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की जान भी सुरक्षित रख सकें।
