Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहराजगंज: बरवां खुर्द के सीवान में पेड़ से लटका मिला 19 वर्षीय...

महराजगंज: बरवां खुर्द के सीवान में पेड़ से लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के घुघली थाना क्षेत्र के बरवां खुर्द गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक पेड़ से 19 वर्षीय युवक का शव लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि बरवां खुर्द गांव के सीवान में शीशम के पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने देखा कि युवक का शव कपड़े के फंदे के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। मौके पर मौजूद परिजनों ने मृतक की पहचान विकास सिंह (19 वर्ष) पुत्र योगेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पचाड़ थाना कप्तानगंज, जिला कुशीनगर के रूप में की।

ये भी पढ़े – 05 मार्च 2026 का राशिफल: किस राशि को मिलेगा धन लाभ?

परिजनों के अनुसार विकास सिंह 3 मार्च की शाम करीब 5 बजे घर से बिना बताए निकल गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह उसके शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है।

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

ये भी पढ़े – अमेरिका ने ‘डूम्सडे’ मिनटमैन-III मिसाइल का किया परीक्षण

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments