Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकिसान दिवस व भूजल सप्ताह का शुभारंभ

किसान दिवस व भूजल सप्ताह का शुभारंभ

जिलाधिकारी ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। किसान दिवस एवं भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) का संयुक्त आयोजन जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारीगण एवं अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक ने जनपद में उर्वरक और बीज की उपलब्धता के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। सभी समितियों पर यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दुर्गेश कुमार ने धान की फसल में खरपतवार नियंत्रण के लिए बूटाक्लोर एवं बिसपेरिबेक सोडियम जैसे रसायनों के समुचित प्रयोग की सलाह दी। भूजल सप्ताह का शुभारंभ जल शपथ के साथ हुआ। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित” के संदेश को घर-घर पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी ने जल बचत के साथ वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की बात कही। जिला उद्यान अधिकारी ने ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति की जानकारी दी। भूमि संरक्षण अधिकारी ने मेड़बंदी और समतलीकरण पर जोर दिया, वहीं लघु सिंचाई विभाग ने बोरवेल के आसपास प्रदूषण नियंत्रण की अपील की। इस अवसर पर प्रगतिशील किसान सुरेंद्र राय सहित अन्य कृषकों ने भूजल संरक्षण पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा सिंचाई में जल उपयोग की वैज्ञानिक विधियों की विस्तृत जानकारी के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments