
कोपागंज(राष्ट्र की परम्परा)
पुलिस अधीक्षक इलामरन के आदेश के अनुपालन में रविवार 21 सितंबर 2025 को थाना कोपागंज पर नियुक्त समस्त अधिकारी व कर्मचारीगण की उपस्थिति में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मॉक ड्रिल एवं रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए जवानों को प्रशिक्षण दिया गया तथा तत्परता का प्रदर्शन किया गया।
आने वाले त्योहारों और विशेष रूप से दशहरा को ध्यान में रखते हुए मॉक ड्रिल के उपरांत पुलिस बल ने थाना क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग करते हुए फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च उड़ियांना रामलीला मैदान, कस्बा चौक और भरत मिलाप चौराहा स्थित पूजा पंडालों तक पहुँचा, जहाँ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी रविंद्र नाथ राय ने बताया कि दशहरा सहित आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। नियमित गश्त, निगरानी और सुरक्षा उपायों के जरिए किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।
