महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के डोमा काटी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 वर्षीय युवती प्रेमी से शादी की जिद में गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी के सार्वजनिक आश्वासन पर युवती नीचे उतरी। पुलिस ने एहतियातन दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव में मचा हड़कंप, टावर पर चढ़ी युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती अचानक घर से निकलकर सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई पर युवती को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
शादी का सार्वजनिक आश्वासन मांग रही थी युवती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक समझाइश दी। इस दौरान युवती ने स्पष्ट कहा कि जब तक उसका प्रेमी सार्वजनिक रूप से शादी का वादा नहीं करेगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
मौके पर पहुंचे युवक ने खुद को युवती का प्रेमी बताया। परिजनों के अनुसार युवती मानसिक दबाव में थी और उसने पहले परिवार को जहर खाने की धमकी भी दी थी।
प्रेमी के वादे पर उतरी नीचे
घंटों चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद युवक ने सबके सामने शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद युवती शांत हुई और सावधानीपूर्वक टावर से नीचे उतर आई। युवती के सुरक्षित नीचे आते ही ग्रामीणों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़े – मनरेगा की रीढ़ बेहाल: 7 माह से मानदेय अटका, होली पर फूटा ग्राम रोजगार सेवकों का गुस्सा
पुलिस ने दोनों को लिया हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से बातचीत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और दोनों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
दिनभर चर्चा में रहा मामला
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़े – बलिया: बेलहरी में 211 हैंडपंप खराब, जल संकट गहराया
