महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पी.जी. कॉलेज, महराजगंज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी द्वारा अध्ययन केन्द्र की मान्यता प्रदान की गई है। इस केन्द्र के खुलने से जनपद के छात्रों, कामकाजी स्त्री-पुरुषों और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अभ्यर्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज में स्थापित इग्नू अध्ययन केन्द्र का कोड 48064 है। इस केन्द्र पर स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ-साथ पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन अध्ययन में स्नातक पाठ्यक्रम की भी मान्यता प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि यह केन्द्र विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी होगा, जो नियमित रूप से महाविद्यालय में उपस्थित होकर पढ़ाई करने में असमर्थ हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। उपलब्ध पाठ्यक्रमों में कला स्नातक, इतिहास स्नातक, पर्यटन अध्ययन स्नातक तथा संस्कृत एवं शिक्षा शास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शामिल हैं, जो हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में संचालित किए जाएंगे।
इग्नू अध्ययन केन्द्र के समन्वयक हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विजय आनन्द मिश्र एवं सह-समन्वयक अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. छट्ठू यादव को नियुक्त किया गया है।
इग्नू अध्ययन केन्द्र की स्थापना महाविद्यालय और जनपद दोनों के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय छात्रों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा तथा भविष्य में और भी नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। वहीं, समन्वयक डॉ. विजय आनन्द मिश्र एवं सह-समन्वयक डॉ. छट्ठू यादव ने आश्वस्त किया कि केन्द्र के सफल संचालन के लिए वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
