गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में उद्यम स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इंजीनियर्स प्रीमियर लीग सीज़न-02 का भव्य शुभारंभ कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। उद्घाटन समारोह विश्वविद्यालय परिसर के क्रिकेट मैदान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ट्रैफिक इंस्पेक्टर राम वृक्ष यादव रहे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर राम वृक्ष यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान बनाती हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस प्रीमियर लीग में कुल 17 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 14 लड़कों की टीमें और 3 लड़कियों की टीमें शामिल हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि पहली बार छात्राओं की टीमें भी लीग में भाग ले रही हैं, जिससे आयोजन और अधिक उत्साहपूर्ण और समावेशी बन गया है। प्रतियोगिता के मैच विश्वविद्यालय परिसर के क्रिकेट मैदान में खेले जाएंगे।
आयोजन समिति के छात्र सदस्यों में विकास यादव (मैकेनिकल इंजीनियरिंग, अंतिम वर्ष), अखंड प्रताप सिंह (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, तृतीय वर्ष), कुंवर प्रताप सिंह (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, द्वितीय वर्ष), हिमांशु यादव (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, द्वितीय वर्ष) तथा रोहित सिंह (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, तृतीय वर्ष) प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने आयोजन की योजना, टीम समन्वय और मैच शेड्यूल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. हिमांशु पांडेय, आईईटी के निदेशक प्रो. एस.एन. तिवारी तथा डॉ. राजीव रंजन कुमार त्रिपाठी ने कुलपति और मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उद्घाटन के दौरान कुलपति प्रो. पूनम टंडन और ट्रैफिक इंस्पेक्टर राम वृक्ष यादव ने मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
यह प्रतियोगिता 18 मार्च 2026 तक चलेगी और फाइनल मुकाबला विश्वविद्यालय परिसर के क्रिकेट मैदान में खेला जाएगा। प्रतियोगिता के प्रमुख प्रायोजकों में मोहद्दीपुर स्थित साहनी स्पोर्ट्स, दिव्यांशु मणि पांडेय तथा हरिओम नगर स्थित शाइन क्लासेस का सहयोग प्राप्त हुआ है।
