Sunday, February 15, 2026
HomeNewsbeatभारत–नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट: पुलिस व एसएसबी का मेगा सघन चेकिंग...

भारत–नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट: पुलिस व एसएसबी का मेगा सघन चेकिंग अभियान

महाशिवरात्रि और नेपाल में चुनाव प्रक्रिया को लेकर बढ़ी चौकसी, सीमा स्तंभ 524/12 तक पैदल गश्त

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के थाना सोनौली अंतर्गत पुलिस चौकी खनुआ क्षेत्र में सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक सघन चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान संभावित भीड़-भाड़, सुरक्षा चुनौतियों तथा नेपाल में जारी चुनाव प्रक्रिया को दृष्टिगत रखते हुए यह विशेष अभियान हाई अलर्ट के बीच संचालित किया गया।
सहायक कमांडेंट हरदीडाली के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने कस्बा हरदीडाली से भारत–नेपाल सीमा तक आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक रास्तों, कच्ची पगडंडियों, खेतों के संपर्क मार्गों और संवेदनशील बिंदुओं की गहन जांच की। टीम ने विशेष रूप से मुर्दहिया घाट स्थित सीमा स्तंभ संख्या 524/12 के आस-पास सघन तलाशी अभियान चलाया। जवानों ने पैदल गश्त करते हुए झाड़ियों, नदी किनारे के क्षेत्रों और संभावित आवागमन स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की संभावना को समाप्त किया जा सके।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछ-ताछ की गई तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच कर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पहचान पत्रों की जांच के साथ ही सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि वे आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
संयुक्त टीम ने स्थानीय व्यापारियों, ग्रामीणों और सीमा क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था के महत्व के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तस्करी, अवैध आवाजाही और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। त्योहारों और विशेष परिस्थितियों में सतर्कता और भी बढ़ा दी जाती है, ताकि शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे संयुक्त अभियान चलाए जाते रहेंगे। इससे न केवल अपराध और तस्करी पर नियंत्रण मजबूत होगा, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी कायम रहेगा।
उक्त सघन गश्त एवं चेकिंग अभियान चौकी प्रभारी खनुआ, थाना सोनौली पुलिस टीम तथा एसएसबी जवानों के समन्वित प्रयासों से शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments