Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशGhaghara Bridge Accident: तुर्तीपार पुल निर्माण में बड़ा हादसा, 2 मजदूरों की...

Ghaghara Bridge Accident: तुर्तीपार पुल निर्माण में बड़ा हादसा, 2 मजदूरों की मौत, कई घायल

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बेल्थरारोड-भागलपुर मार्ग पर तुर्तीपार स्थित घाघरा नदी पर निर्माणाधीन फोर-लेन पुल पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुल के पिलर में लगा सरिया अचानक झुक जाने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे साथियों को निकालने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। उभांव थाना के इंस्पेक्टर संजय शुक्ला और क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक के नेतृत्व में पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है।

बताया जा रहा है कि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी पुल परियोजना का निर्माण कार्य पिछले कुछ समय से तेजी से चल रहा है। लेकिन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

ये भी पढ़े – नवारम्भ उत्सव से गूंजा प्राथमिक विद्यालय रामपुर, नए सत्र का हुआ उत्साहपूर्ण आगाज़

गौरतलब है कि इससे पहले भी 28 जनवरी को इसी निर्माण स्थल पर एक हादसा हो चुका है, जिसमें कई मजदूर घायल हुए थे। उस घटना के बाद भी निर्माण एजेंसी की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब फिर से हुए इस हादसे ने निर्माण कार्य की निगरानी और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और कार्यदायी संस्था लापरवाह बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े – बिहार दिवस 2026: उत्कृष्ट योगदान पर शिक्षक मृत्युंजय कुमार और विनोद कुमार सम्मानित, शिक्षा जगत में बढ़ाया मान

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments