बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया की गंभीर तबीयत को लेकर पड़ोसी देशों में चिंता बढ़ गई है। सोमवार (1 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए उनके स्वास्थ्य पर गहरी चिन्ता व्यक्त की और कहा कि भारत उनकी मदद के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है।
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “बेगम खालिदा ज़िया के स्वास्थ्य के बारे में जानकर बहुत चिंतित हूं, जिन्होंने वर्षों तक बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।”
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
बीएनपी की 80 वर्षीय नेता खालिदा जिया को 23 नवंबर को ढाका के एक निजी अस्पताल में सीने में संक्रमण के बाद भर्ती कराया गया था। संक्रमण ने उनके हृदय और फेफड़ों को प्रभावित किया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट (CCU) में शिफ्ट कर दिया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीएनपी उपाध्यक्ष एडवोकेट अहमद आजम खान ने बताया कि जिया की स्थिति बेहद गंभीर है और उन्हें वेंटिलेशन सपोर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा, “उनकी हालत बहुत गंभीर है। पूरे देश से प्रार्थना करने के अलावा और कुछ नहीं किया जा सकता।”
‘विदेशी और स्थानीय विशेषज्ञों की टीम कर रही निगरानी’
बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने भी पुष्टि की कि खालिदा जिया की हालत गंभीर बनी हुई है और उनके इलाज में स्थानीय तथा अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम लगातार जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि पूरा बांग्लादेश उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है, जबकि डॉक्टर उनकी स्थिति को स्थिर करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
