रक्षा बंधन की खुशियां मातम में बदलीं

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर शनिवार को लार थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। राम जानकी मार्ग पर पिपरा चौराहा के पास स्थित जायसवाल पेट्रोल पंप के समीप लगभग डेढ़ बजे सड़क किनारे का एक पेड़ अचानक गिर गया।
पेड़ गिरने से सड़क से गुजर रहे वाहन पर सवार लोग दब गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ हटाया, लेकिन तब तक वाहन पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान संतोष चौहान पुत्र राम दरस चौहान तथा उनके पुत्र शिवा निवासी भीटहा मदनपुर के रूप में हुई। घायलों में ममता, शिवानी और सोनाली शामिल हैं, जो उसी परिवार के सदस्य हैं।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
