
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा) जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सितम्बर-2025 माह का किसान दिवस आयोजित हुआ। बैठक में उप कृषि निदेशक ने अवगत कराया कि पिछले किसान दिवस में प्राप्त 25 शिकायतों का निस्तारण कर लिया गया है, जिस पर किसानों ने संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद दिया।किसानों ने बताया कि कृषि कनेक्शन शुल्क जमा करने के बावजूद विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पीएम किसान योजना में भूमि अंकन संबंधी समस्या पर उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए।यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरक की आपूर्ति पर किसानों ने सुझाव दिया कि अंगूठा लगने के बाद मोबाइल पर बोरी संख्या की जानकारी उपलब्ध हो। उप कृषि निदेशक ने इसे उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही। वहीं, गेहूँ बीज बीपीटी-5204 की समय पूर्व बाली आने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित संस्था और कृषि निदेशालय को पहले ही सूचित किया जा चुका है और जांचोपरांत किसानों को जानकारी दी जाएगी।जोकवा राजवाहा में टेल तक पानी न मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्यवाही करने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद को किसानों में निःशुल्क वितरण हेतु सरसों के 5300 मिनीकिट का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे दर्शन पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।बैठक में जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला समन्वयक फसल बीमा, उप दुग्ध विकास अधिकारी, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अभियंता, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, उद्यान अधिकारी, गन्ना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
