102 केंद्रों पर 537 किसानों से खरीदा गया 2,416 मीट्रिक टन धान, लक्ष्य 2.32 लाख मीट्रिक टन, किसानों की शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। धान खरीद में पारदर्शिता और तेजी लाने के साथ किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य विभाग के चारों क्रय केंद्रों और नेफेड के केंद्र पर पहुंच कर खरीद प्रक्रिया, तौल व्यवस्था, बोरों की उपलब्धता और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की हकीकत परखी। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को अनावश्यक दौड़ाने या खरीद में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।
नवीन मंडी में खाद्य विभाग की विपणन शाखा के महराजगंज प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ के अलावा नेफेड का एक केंद्र संचालित है। निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के महराजगंज प्रथम केंद्र पर अमरूतियां निवासी किसान अम्बरीश कुमार पटेल पुत्र भगवानदास का करीब 42 कुंतल धान तौला जा रहा था। जिलाधिकारी ने मौके पर तौल प्रक्रिया देखी और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें और उनके साथ सम्मान जनक व्यवहार किया जाए।
जनपद में धान खरीद के लिए कुल 102 क्रय केंद्र संचालित हैं। अब तक 537 किसानों से 2,416.186 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। शासन ने इस खरीद सत्र में जिले के लिए 2,32,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया है। धान बेचने के लिए अब तक 11,822 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 9,188 किसानों का विभिन्न स्तरों पर सत्यापन पूरा हो चुका है। निर्धारित लक्ष्य और अब तक हुई खरीद के बीच बड़े अंतर को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकाधिक किसानों का सत्यापन कर खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर केंद्रों पर मौजूद रहें और अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद सुनिश्चित करें। खरीदे गए धान का संबंधित राइस मिलों को समय से प्रेषण किया जाए, ताकि केंद्रों पर अनावश्यक रूप से धान का भंडारण न हो। बोरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित करने के भी निर्देश दिए।
किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-1800-150 और 7839565009 जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त धान खरीद में किसी प्रकार की शिकायत होने पर किसान जिलाधिकारी के मोबाइल नंबर 9454417546, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के नंबर 9454417617 तथा जिला खाद्य विपणन अधिकारी के नंबर 7839565008 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि धान विक्रय के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टलअथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराएं। समर्थन मूल्य की धनराशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त करने के लिए खाते को आधार से लिंक कराने और एनपीसीआई से मैपिंग सुनिश्चित कराने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।
पीड़िता के मुकदमे के बीच पुलिस पर नए आरोप, CCTV फुटेज में नहीं मिलने की…
इंदिरा गांधी ने देश का मान सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया - डॉ धर्मेन्द्र पांडेय…
जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और नदी प्रवाह बनाए रखने के वैज्ञानिक उपायों पर विशेषज्ञों ने…
विश्व धरोहर सप्ताह के तहत 25 नवंबर तक गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में प्रदर्शनी, संरक्षित…
बरहज, तेलिया कला और मईल क्षेत्र में सुबह के समय छाई धुंध, सड़कों पर धीमी…
राजनीतिक संगठन, बौद्धिक नेतृत्व, वैश्विक संपर्क और भारत के सभ्यतागत विमर्श को एक मंच पर…