Wednesday, March 11, 2026
HomeNewsbeatयूपीएसआई परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

यूपीएसआई परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश व अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र के अंदर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। सभी पुलिसकर्मी व केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराएं।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नकल कराने वाले गिरोहों पर पैनी नजर रखने के लिए भी कहा गया। ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए पल-पल की सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि अभ्यर्थी भयमुक्त वातावरण में परीक्षा दे सकें।
इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments