महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा– 2026 को सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने शिव जपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना पहुंच कर परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचिता के साथ सम्पन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
परीक्षार्थियों की उपस्थिति के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली परीक्षा केंद्रों पर 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 85 अनुपस्थित और 155 उपस्थित रहे। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना केंद्र पर 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 71 अनुपस्थित तथा 169 परीक्षार्थी उपस्थित पाए गए।
जनपद में बनाए गए कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 4560 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1423 अनुपस्थित तथा 3137 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान प्रत्येक केंद्र पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।
