Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशधान क्रय केंद्रो का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

धान क्रय केंद्रो का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद की गति तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान क्रय केंद्र पर आने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाए एवं केंद्र पर विक्रय करने आये किसानों का धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए।
जिलाधिकारी मंगलवार के अपराह्न ग्राम सोहनीपार में क्रय एजेंसी उत्तर प्रदेश सहकारी संघ (पीसीएफ) द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र पहुँचे। निरीक्षण के समय तक खरीद वर्ष 2023-24 में उक्त केंद्र द्वारा 37 किसानों से 1831.11 कुंतल धान का क्रय किया जा चुका है। डीएम ने क्रय से संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल भी की। अभिलेखों का रखरखाव एवं अंकन नियमानुसार नहीं मिलने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई तथा क्रय केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने क्रय केन्द्र को स्थानांतरित करने तथा क्रय केंद्र प्रभारी को बदलने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने लाहिलपार पगरा में धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां अब तक 6 किसानों से 234.80 कुंतल धान की खरीद हुई है। कम खरीद पर डीएम ने नाराजगी जताई एवं क्रय केंद्र प्रभारी को किसानों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि इस वर्ष सामान्य प्रजाति के धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2183 रुपये निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसका नंबर 9454887185 है। इसके अतिरिक्त टॉल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर किसान धान क्रय से जुड़ी किसी भी समस्या के संबन्ध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुलभ आनन्द सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments