
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के विकास खंड सेमरियावां के ग्राम पंचायत करही के दलित बस्ती में जल निकासी समस्या के समाधान न होने से ग्रामीणों ने लोक सभा चुनाव में मतदान से बहिष्कार करते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
जिलाधिकारी के साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारत, नई दिल्ली, राज्य निर्वाचन आयुक्त उत्तर प्रदेश, लखनऊ और मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल, बस्ती को लिखे पत्र में ग्रामीणों ने बताया है कि ग्राम पंचायत करही विकास खंड सेमरियावां जनपद संत कबीर नगर के अनुसूचित जाति के निर्धन-गरीब व्यक्ति है। हम सब की दलित बस्ती में जल निकासी की समस्या अत्यन्त जटिल है। जो विगत कई वर्षों से बनी हुई है। बारिश के मौसम में पानी घरो में चला आता है। जिससे परिवार के सदस्य जल जमाव के कारण गम्भीर बीमारियों से ग्रषित हो जाते है। हम सबने जल निकासी की समस्या को लेकर जिम्मेदारो को कई बार अवगत कराया गया। किन्तु कोई सार्थक परिणाम नही निकला।
इसलिए विवश होकर जल निकासी समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण ना होने पर दलित बस्ती के लोग इस बार लोक सभा चुनाव में मतदान न करने और चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करने का फैसला लिए हैं।
अपने निर्णय से अवगत कराते हुए ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रकरण का संज्ञान में लेते हुए समस्या का समाधान कराने की कृपा करें। जिससे हम सब भी लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा ले सकें।
