उत्तर प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। कांग्रेस पार्टी ने इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए कई राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। इसी क्रम में असम के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता पार्टी महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपी गई है। इस कमेटी में सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को अहम सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इमरान मसूद असम में संगठनात्मक मजबूती और उम्मीदवार चयन से जुड़े कार्यों में प्रियंका गांधी की सक्रिय रूप से मदद करेंगे। कांग्रेस का यह फैसला आगामी चुनावों को देखते हुए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
असम स्क्रीनिंग कमेटी में इमरान मसूद की भूमिका
असम के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी में प्रियंका गांधी वाड्रा चेयरपर्सन होंगी, जबकि सदस्य के तौर पर सप्तगिरी शंकर उलाका, इमरान मसूद और डॉ. सिरिवेला प्रसाद को शामिल किया गया है। इमरान मसूद को संगठनात्मक अनुभव और चुनावी रणनीति की गहरी समझ के चलते यह जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका असम जैसे अहम राज्य में कांग्रेस को मजबूती देगी।
ये भी पढ़ें – 150 विमान, 30 मिनट और महीनों की तैयारी: अमेरिका ने कैसे वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो को किया गिरफ्तार? पूरी कहानी
टी.एस. सिंह देव को भी मिली अहम जिम्मेदारी
कांग्रेस ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की कमान वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंह देव को सौंपी है। उनके साथ यशोमती ठाकुर, जी.सी. चंद्रशेखर और अनिल कुमार यादव को सदस्य बनाया गया है। यह नियुक्ति दर्शाती है कि पार्टी अनुभवी नेताओं को चुनावी रणनीति में प्रमुख भूमिका देना चाहती है।
अन्य राज्यों के लिए भी बनीं स्क्रीनिंग कमेटियां
कांग्रेस ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के लिए भी अलग-अलग स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है।
केरल में मधुसूदन मिस्त्री को चेयरपर्सन बनाया गया है, जबकि सैयद नसीर हुसैन, नीरज डांगी और अभिषेक दत्त सदस्य होंगे।
वहीं पश्चिम बंगाल के लिए बी.के. हरिप्रसाद को चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है, और उनके साथ डॉ. मोहम्मद जावेद, ममता देवी और बी.पी. सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें – मादुरो की गिरफ्तारी पर ओवैसी का तंज: 26/11 मास्टरमाइंड पर उठाया सवाल
