
गुवाहाटी/असम (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को नई पहचान देने का आरोप लगाया है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को घुसपैठियों से इतना ही लगाव है, तो उन्हें राहुल गांधी के घर भेज देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने हाल ही में घुसपैठियों को ‘नया असमिया’ कहा था। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, “अगर उन्होंने ऐसा कहा है, तो उन्हें अपने घर में जगह देनी चाहिए, क्योंकि हमारे घर में इनके लिए कोई स्थान नहीं है।” उन्होंने कहा कि मूल असमियों के लिए ही पर्याप्त संसाधन और जगह नहीं है, तो इन कथित नए असमियों को कैसे समायोजित किया जा सकता है। शर्मा ने साफ कहा कि सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बेदखली अभियान जारी रहेगा और विधानसभा चुनाव के बाद भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक सांस्कृतिक घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि नवंबर में 10,000 से अधिक कलाकार बोडो लोक नृत्य ‘बागुरुम्बा’ का भव्य प्रदर्शन करेंगे। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “बिहू और झुमुइर की सफलता के बाद अब बागुरुम्बा के मुख्य आकर्षण बनने का समय है। यह हमारे बोडो समुदाय की विरासत को दुनिया के सामने पेश करेगा।”
डिस्क्लेमर: राष्ट्र की परम्परा ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गई है।
