लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। असमय बारिश, ओलावृष्टि और आगजनी से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी चिंता जताई है। बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों तक 24 घंटे के भीतर राहत पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में किसानों की चिंता स्वाभाविक है और राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का निष्पक्ष व समयबद्ध आकलन कर तुरंत मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर जल्द सर्वेक्षण पूरा करने और रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही बीमा कंपनियों के साथ समन्वय कर फसल बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
ये भी पढ़े – UP Board Result 2026: अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आएंगे 10वीं-12वीं के नतीजे
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा राहत कोष से जिलों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत वितरण में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां राहत शिविर भी स्थापित किए जाएं।
अग्निकांड की घटनाओं को लेकर उन्होंने विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। जनहानि या पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि देने और पात्र लोगों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ देने को कहा।
इसके अलावा, जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े – ईरान छोड़ने की सलाह: भारतीय दूतावास की नई एडवाइजरी जारी
