June 14, 2025

राष्ट्र की परम्परा

हिन्दी दैनिक-मुद्द्दे जनहित के

मुख्यमंत्री ने किया महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का लोकार्पण ,विपक्षियों पर साधा निशाना

सुहेलदेव के नाम पर पांच बच्चों का किया नामकरण

मेला अब बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम से लगेगा

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। चित्तौरा झील तट पर आयोजित महाराजा सुहेलदेव विजयोत्सव में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव स्मारक का उद्घाटन किया और झील के किनारे स्थापित महाराजा सुहेलदेव की चालीस फीट ऊंची स्टेच्यू ऑफ महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का लोकार्पण करने के साथ मुख्यमंत्री ने 1243 करोड़ रुपये की लागत वाली 384 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। पांच बच्चों का अन्नप्राशन और नामकरण में सभी का नाम सुहेलदेव रखा गया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से पांच बच्चों का अन्नप्राशन और नामकरण संस्कार भी किया। बच्चों को गोद में लेकर तिलक किया, उन्हें खीर खिलाई गई और सभी बच्चों का नाम सुहेलदेव रखा गया। सभी बच्चे पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने हुए थे, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बने थे।मुख्यमंत्री योगी ने अपने सम्बोधन में महाराजा सुहेलदेव को देश का सच्चा राष्ट्रनायक बताते हुए कहा कि उन्होंने लगभग एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को करारा जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी आयोजन का नाम विदेशी आक्रांताओं के नाम पर नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने सालार मसूद को आक्रांता बताते हुए कहा कि बहराइच में मेला अब महाराजा सुहेलदेव के नाम से ही लगेगा। सालार मसूद का मेला बंद हो गया है, जो गुलामी की मानसिकता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सालार मसूद के आयोजनों को बंद कराया वे धन्यवाद के पात्र हैं। सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के कारण राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान नहीं दिया और उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां गाजी मियां के विवाह की होड़ में लगी थीं लेकिन राष्ट्रनायकों की उपेक्षा कर रही थीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराजा सुहेलदेव को वह सम्मान दिलाया जो काफी लंबे समय से नहीं मिल पाया था। उन्होंने कहा पीएम मोदी के निर्देश पर अब राष्ट्रनायकों का सम्मान हो रहा है। सुहेलदेव को अब वह जगह मिल रही है जिसके वे वास्तव में पात्र हैं। इस दौरान सीएम ने कहा कि बहराइच में जैसा स्मारक महाराजा सुहेलदेव का बना है और ऐसा ही भव्य स्मारक महाराजा बिजली पासी का लखनऊ में बनाने जा रहे हैं।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ओम प्रकाश राजभर, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सांसद डॉ आनंद कुमार गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल, सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, बलहा विधायक सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष बृजेश पांडेय ,यशवेन्द्र बिक्रम सिंह ,एमएलसी पद्मसेन चौधरी, डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, नवाबगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवंत सिंह, पिंटू गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।