Tuesday, March 3, 2026
HomeUncategorizedचंदन सिंह (35) की गर्दन काटकर निर्मम तरीके से हत्या

चंदन सिंह (35) की गर्दन काटकर निर्मम तरीके से हत्या

मनियर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

क्षेत्र के बड़सरी जागीर गांव में बुधवार की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जब गांव के ही चंदन सिंह (35) की गर्दन काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। घटना नहर मार्ग पर स्थित समाधि स्थल के समीप बहारन सिंह के डेरा पर हुई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब चंदन का क्षत-विक्षत शव देखा तो सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मनियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि हत्या के दौरान काफी संघर्ष के निशान मौजूद हैं, जिससे अंदेशा है कि हमलावरों ने बेहद नृशंस तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक चंदन सिंह उर्फ बाबू सिंह पुत्र स्व. सुरेंद्र सिंह नशे का आदी था और इसी कारण वह कई बार विवादों में भी पड़ जाता था। बताया जा रहा है कि नशे की लत के चलते मनियर पुलिस उसके खिलाफ पहले भी कई बार चालान कर चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब या नशे के ही प्रभाव में किसी बात को लेकर उसका किसी से झगड़ा हुआ होगा, जिसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। चंदन की पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो चार वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी, लेकिन घरेलू कलह व विवादों के कारण उसकी पत्नी उससे अलग रह रही है। पत्नी के अलग रहने के बाद से चंदन अक्सर मानसिक रूप से परेशान रहता था और नशे का सेवन अधिक करने लगा था। ग्रामीणों के मुताबिक, उसकी जिंदगी पिछले कुछ वर्षों से तनाव और अव्यवस्था में ही गुजर रही थी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, मनियर पुलिस ने भी गंभीरता दिखाते हुए हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस बर्बर हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का वातावरण व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई और यह अपराध क्षेत्र की शांति को झकझोरने वाला है। पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और हर कोण से जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments