
विद्यालय से लौटते समय रास्ते में फब्तियां कस करता था परेशान
सलेमपुर/देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)
सलेमपुर नगर स्थित एक विद्यालय की छात्रा के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रा ने खुद कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ पास्को एक्ट, छेड़खानी और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी सलेमपुर उपनगर के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा है। शुक्रवार को जब वह विद्यालय से घर लौट रही थी, तभी उसी विद्यालय में पढ़ने वाला और गांव का ही एक युवक उसे रास्ते में रोककर छेड़खानी करने लगा और उस पर प्रेम-प्रस्ताव थोपने का प्रयास किया। छात्रा ने कई बार मना किया, फिर भी युवक उसे लगातार विद्यालय से घर तक परेशान करता रहा।
परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले आरोपित युवक ने अपने घर से टॉर्च की रोशनी दिखाकर किशोरी को परेशान करने की कोशिश की। जब परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपित युवक और उसके एक परिजन ने छात्रा के परिवार के लोगों को गाली-गलौज दी।
थक-हारकर शनिवार को छात्रा ने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पटेल ने बताया कि दो युवकों के विरुद्ध पास्को एक्ट, छेड़खानी और गाली-गलौज की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
