Friday, March 13, 2026
Home Blog Page 7

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच राष्ट्रपति पेजेशकियन का बड़ा बयान

तेहरान (राष्ट्र की परम्परा)। ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ देश दोनों पक्षों के बीच तनाव कम कराने के लिए मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं।

पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान हमेशा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, लेकिन वह अपने सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा करने से पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कहा,
“कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिशें शुरू कर दी हैं। हम इस इलाके में शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अपने देश के सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा में कोई हिचकिचाहट नहीं करेंगे।”

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि पिछले सप्ताह ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को खो दिया है और शायद कुछ लोगों ने ईरान को कम आंक लिया है।

ये भी पढ़े – लोक अदालत में पारिवारिक विवादों के निस्तारण की अपील

ट्रंप ने किया बिना शर्त आत्मसमर्पण का दावा

ईरान के राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद ईरान में एक “बेहतरीन और स्वीकार्य नेतृत्व” चुना जाएगा और अमेरिका तथा उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान की अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूत बनाएंगे। ट्रंप ने अपने पोस्ट के अंत में नारा दिया — “मेक ईरान ग्रेट अगेन (MIGA)”।

ये भी पढ़े – पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, 24 घंटे में दो मौतों से गांव में सनसनी

इस्राइल पर ईरान के हमले तेज

इस बीच ईरान ने इस्राइल पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जिनमें उसकी नई सुपर-हेवी खोर्रमशहर-4 मिसाइल भी शामिल है।

दक्षिण लेबनान में इस्राइली हवाई हमला

लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के अनुसार शुक्रवार दोपहर इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के शहर सिडोन में एक आवासीय इमारत पर हवाई हमला किया। यह हमला अल-सिद्दीक मस्जिद के पास स्थित मकासेद बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से पर किया गया।

हमले के बाद एंबुलेंस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। हालांकि अब तक इस हमले में हताहतों या नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़े – बोतल, डिब्बा या कंटेनर में पेट्रोल देने पर लगी रोक, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

बोतल, डिब्बा या कंटेनर में पेट्रोल देने पर लगी रोक, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में पेट्रोल पंपों से बोतल, डिब्बा या अन्य कंटेनर में पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने सभी डीजल-पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी दशा में कंटेनर या बोतल में पेट्रोल की आपूर्ति न की जाए।
जारी निर्देश के अनुसार पेट्रोल की आपूर्ति केवल दो पहिया, चार पहिया या अन्य वाहनों के ईंधन टैंक में ही की जाएगी। इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा है कि निरीक्षण या जांच के दौरान यदि किसी पेट्रोल पंप पर बोतल या कंटेनर में पेट्रोल देते हुए पाया गया तो लाइसेंस की शर्तों और मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन के प्रावधानों के तहत संबंधित पंप संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित तेल कंपनियों के अधिकारियो को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश की जानकारी देते हुए इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।

पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, 24 घंटे में दो मौतों से गांव में सनसनी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौराहा खास में पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां निगल लीं। पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति का शव शुक्रवार को उसके ही घर में फंदे से लटका मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार में 24 घंटे के भीतर हुई दो-दो मौतों से इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सौराहा खास निवासी मुर्तुजा और उसकी पत्नी नाजमा के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। गुरुवार को नाजमा अपने मायके से कुछ सामान लेने ससुराल आई थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर मुर्तुजा ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से नाजमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पत्नी की हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नाजमा के मायके पक्ष के कुछ लोग सौराहा खास गांव पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा बंद देखा। शक होने पर जब दरवाजा खोलकर अंदर गए तो कमरे के अंदर मुर्तुजा का शव पंखे की कुंडी से फंदे के सहारे लटकता मिला।

यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई और पूरे गांव में घटना की चर्चा फैल गई।

सूचना मिलने पर बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक ही परिवार में एक दिन के भीतर हुई इन दो घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

लोक अदालत में पारिवारिक विवादों के निस्तारण की अपील

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में हुई, जिसमें जिला प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह तथा प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नासिर अहमद मौजूद रहे।
बैठक में आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सचिव सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी न्यायालयों से नोटिसों की तामीला कराई जा रही है और राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।
प्रधान न्यायाधीश नासिर अहमद ने आम जनमानस से अपील की कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि ऐसे पारिवारिक मामले जो किसी न्यायालय में लंबित नहीं हैं, उन्हें प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के माध्यम से भी निस्तारित कराया जा सकता है। इसके लिए पक्षकार को मात्र एक प्रार्थना पत्र में आपसी विवाद का विवरण प्रस्तुत करना होता है। निस्तारित हुए मामले का आदेश न्यायालय की डिक्री के समान प्रभावी होगा।

डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं, अफवाह फैलाने पर होगी कार्रवाई

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जनपद में डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पम्प मालिकों को निर्देश दिया गया है कि पम्प पर आने वाले ग्राहकों को बोतल, पीपा या ड्रम आदि में डीजल-पेट्रोल की निकासी किसी भी स्थिति में न दी जाए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल तथा नायरा के विक्रय अधिकारियों से भी अपेक्षा की है कि वे अपने स्तर से जनपद के सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को निर्देशित करें कि उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रतिदिन डीजल-पेट्रोल की बिक्री की सूचना ई-मेल या व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराएं।

डीडीयू: 6 अप्रैल से परास्नातक और 15 अप्रैल से स्नातक सम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आगामी सम सेमेस्टर परीक्षाओं के आयोजन को लेकर प्रशासनिक भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने की, जिसमें संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में परास्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 अप्रैल से शुरू होंगी। इसी अवधि में प्राइवेट परीक्षाओं का भी आयोजन कराया जाएगा, ताकि सभी परीक्षाएं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जा सकें।
इसके अलावा स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 अप्रैल से प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विज्ञान संकाय की प्रायोगिक परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी। सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि आंतरिक मूल्यांकन के अंक निर्धारित समयसीमा के भीतर विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड कर दें।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता शैक्षणिक कैलेंडर का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संकायों और विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षाएं पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सकें तथा विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जनगणना-2027 के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 से संबंधित डिजिटल टूल्स तथा प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना को लेकर जिला स्तरीय एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले दिन अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी मौजूद रहे।
जनगणना निदेशालय से उप निदेशक जनगणना एवं मंडल प्रभारी संजय कुमार, जिला प्रभारी जनगणना सुजीत कुमार श्रीवास्तव और नागेन्द्र यादव ने चार्ज अधिकारियों को डिजिटल टूल्स तथा जनगणना की कार्यप्रणाली पर प्रशिक्षण दिया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षकों ने जनपद में जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (एचएलओ) होगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या और जाति की गणना की जाएगी।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, उपायुक्त मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, तहसीलदार धनघटा, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी और राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे।

2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता खत्म करे सरकार, नहीं तो चरणवार आंदोलन

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। 2011से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता के विरोध में अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के बैनर तले शुक्रवार को जनपद के विभिन्न शिक्षक संगठनों की एक बैठक शिक्षक भवन में प्रदेश महासंघ के प्रदेश संयोजक अनिल यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में
सर्वसम्मति से यह निर्णय हुआ कि यह लड़ाई राष्ट्रीय स्तर का है इसलिए इस लड़ाई को जनपद से शुरू कर राष्ट्रीय स्तर पर लड़ा जाएगा।
अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के प्रदेश संयोजक एवं उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक महासंघ लड़ेगा। किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा की रिब्यू पेटीशन की सुनवाई मे सुफ्रीम कोर्ट मे वरिष्ठ वकीलों का पैनल उतारेगा संघ, किसी भी शिक्षक को टेट से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा की राज्य सरकार केंद्र सरकार से बात करके जल्द शिक्षको के लिए रास्ता निकाले, देर हुई तो अब संघर्ष बड़ा भीषण होगा यह महासंघ शिक्षकों का किसी भी तरह से नुकसान नही होने देगा।उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में आगामी 9 मार्च से 15 मार्च तक शिक्षकों द्वारा पोस्टकार्ड अभियान चलाया जाएगा इस अभियान में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष को पत्र व मेल भेजा जाएगा।
द्वितीय चरण में जनपदों में मशाल जुलूस निकालकर अपने हक को सुरक्षित करने का कार्य किया जाएगा। तीसरे चरण मे 3 मई को लखनऊ घेराव का कार्य होगा, तथा उसके बाद भी सरकारों के आंख, कान नहीं खुले तो और सरकार ने हमारी मांगों को पूरा नही किया तो मानसून सत्र में हम सब मिलकर संसद भवन का घेराव करेंगे। पूर्व माध्यमिक जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विनोद सिंह एवं महामंत्री नंद लाल प्रसाद ने कहा यह लड़ाई शिक्षकों के अस्तित्व की लडाई है इसे हम हर मोर्चे पर लड़ेंगे। सरकार को शिक्षकों की मांगों पर विचार करना ही होगा। सेवा निवृत शिक्षक परिषद के जिला महामंत्री सुदर्शन कुशवाहा ने कहा कि इस आंदोलन मे सेवा निवृत शिक्षक भी खड़ा है। सरकार को शिक्षकों के साथ अन्याय करना बंद करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्रीमती हेमा त्रिपाठी एवं महा महामंत्री फनिंद्र मणि ने अपने सम्बोधन में कहा यह भीख नहीं है हम सब नियुक्ति के समय समस्त योग्यताओं को पूरा करके नौकरी पायी है ऐसे में अचानक से यह कहना हम टेट के बगैर पात्र नही है पूर्णतया गलत है। अटेवा के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश कुशवाहा ने कहा टेट के जमीनी स्तर से न्यायालय स्तर पर जोरदार पैरवी की जाएगी इसके लिए कोई कसर नही छोडा जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यममिक शिक्षक संघ (एकजुट )के जिला मंत्री सतेन्द्र सिंह ने कहा बेसिक शिक्षके के साथ माध्यमिक शिक्षक खड़ा है इस आंदोलन मे संघ का पूरा समर्थन है। विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोशिशन के मंडल अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय एवं जिला अध्यक्ष विज्ञान सिंह ने कहा की शिक्षकों के साथ अत्याचार कर रहीं है सरकारें, आज शिक्षक समुदाय पीड़ित है लेकिन कोई सरकार का कोई प्रतिनिधि उनके पक्ष मे नहीं आ रहा है। प्राथमिक शिक्षक संघ के(विजय गुट )जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा सरकार से आर-पार लड़ाई के लिए हम तैयार हैं। उच्च प्राथमिक अनुदेशक वेलफेयर एसोशिशन के जिला अध्यक्ष अविषेक गुप्ता,मन्त्री अजित यादव एवं उत्तर प्रदेश प्रदेश शिक्षा मित्र संघ के पदाधिकारियों ने अपनी बात रखी। इस दौरान जूनियर शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, मनोज़ मिश्रा, बीटीसी के जिला अध्यक्ष गेना यादव, वृजलाल, कृपा नारायण सिंह, सतेन्द्र सिंह, रविंद्र सिंह मारकंडेय सिंह, प्रदीप, रवि, साहबलाल पटेल, अली अहमद, दीनदयाल, नरेंद्र सिंह, अशोक साहनी अमर नाथ, असरफ अली, गिरीश, नवनाथ, इंद्रसेन, राम प्यारे, ईश्वर, सहित सभी संग़ठनों के जिला अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे। संचालन मनोज़ मिश्रा ने किया।

तीन यूनिट खपत पर ₹1745 का बिजली बिल, उपभोक्ता परेशान

फरेन्दा विद्युत विभाग पर लापरवाही या अवैध वसूली का आरोप

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के फरेन्दा क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। यहां एक उपभोक्ता को मात्र तीन यूनिट बिजली खपत के बावजूद ₹1745 का बिल थमा दिया गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोग इसे विभागीय लापरवाही या मनमानी वसूली का मामला बता रहे हैं।
यह मामला आनंदनगर विद्युत वितरण खंड ll के अंतर्गत आने वाले बरगदवां विशुनपुर गांव का है। गांव की उपभोक्ता इसरावती के नाम से जारी बिजली बिल में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बिजली विभाग द्वारा 03 मार्च 2026 को जारी किए गए बिल के अनुसार उपभोक्ता की पिछली रीडिंग 445 यूनिट और वर्तमान रीडिंग 448 यूनिट दर्ज की गई है। यानी लगभग छह माह की अवधि में केवल तीन यूनिट बिजली की खपत दर्शाई गई है।
इसके बावजूद उपभोक्ता को ₹1745 की देय राशि का बिल थमा दिया गया है। बिल में यह भी उल्लेख है कि उपभोक्ता पर पहले से ₹3868.92 का बकाया दर्शाया गया है, जिस पर लेट पेमेंट सरचार्ज जोड़कर कुल देय राशि बढ़ा दी गई है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि न तो इतनी बिजली की खपत हुई और न ही इतने बड़े बकाये की स्पष्ट जानकारी उपभोक्ता को दी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग बिना सही जांच-पड़ताल के मनमाने तरीके से बकाया जोड़कर बिल भेज रहा है। इससे गरीब और ग्रामीण उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि खपत केवल तीन यूनिट है, तो फिर हजारों रुपये का बिल किस आधार पर तैयार किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में कई अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी इसी प्रकार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। कई बार बिजली विभाग से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कर सही बिल जारी करें। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उधर बिजली विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को 10 मार्च 2026 तक बिल जमा करने की अंतिम तिथि दी गई है। वहीं भुगतान न करने की स्थिति में 17 मार्च 2026 को कनेक्शन काटने की चेतावनी भी दी गई है। इससे उपभोक्ता और अधिक चिंता में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस मामले का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कम खपत वाले उपभोक्ताओं पर भी इतना भारी भरकम बिल कैसे लगाया जा रहा है।

बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप: डॉ. आर. पी. यादव

दान करना ही सबसे बड़ा धर्म: डॉ. सायमा सरदेशमुख

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यशाला का आयोजन

बिछुआ/मध्य प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला प्रकोष्ठ की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ. आर.पी. यादव के संरक्षण और महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. पूजा तिवारी के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी डॉ. फरहत मंसूरी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. आर. पी. यादव ने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है। इसे समाप्त करने के लिए जागरूकता और शिक्षा दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।
मुख्य वक्ता डॉ. सायमा सरदेशमुख ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की इस वर्ष की थीम “Give to Gain” यानी दान करके लाभ प्राप्त करने की अवधारणा पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने बताया कि सभी धर्मों में दान को सबसे बड़ी सेवा और धर्म माना गया है। दान, समानता और सहयोग की भावना ही मानव जीवन के मूल मूल्य हैं।
इस दौरान डॉ. अजीत डेहरिया, डॉ. मनिता कौर विरदी और डॉ. कीर्ति डेहरिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लेते हुए अपने अनुभव और विचार साझा किए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. नमिता चौबे, डॉ. शिवानी सोनी और डॉ. आकाश आहके का विशेष सहयोग रहा। संचालन डॉ. फरहत मंसूरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. नसरीन अंजुम खान ने किया।
इस अवसर पर डॉ. एन. एल. साहू, रामप्रकाश डहरिया, प्रदीप भारती, शांत रेखा वाडीवा, सूर्यकांत शुक्ला सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में छात्राओं से फीडबैक लिया गया, जिसमें सभी ने कार्यशाला को प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।

रहस्यमय हालात में 56 वर्षीय महिला की मौत, घर के पीछे मिला शव

मुंडन और भजन की तैयारी के बीच मातम, डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली टोला अजमतपुर में एक 56 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गुरुवार दोपहर से लापता महिला का शव शुक्रवार भोर में उसके घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर मिलने से इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतका की पहचान मुनक्का देवी 56 वर्ष पत्नी रामदुलारे यादव निवासी ग्राम दरौली टोला अजमतपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुनक्का देवी गुरुवार दिन में करीब एक बजे के बाद अचानक घर से लापता हो गई थीं। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे और उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक गांव की गलियों, खेत-मेड़ों और आस-पास के स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच शुक्रवार तड़के करीब चार बजे घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। यह खबर फैलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भिटौली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, चौकी प्रभारी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने और घटना के संभावित कारणों की पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछ-ताछ कर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों का कहना है कि जब महिला लापता हुई थी, तब गांव के लोगों ने उस स्थान पर भी कई बार देखा था जहां बाद में शव मिला, लेकिन उस समय वहां कुछ नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने देर रात शव को वहां लाकर फेंक दिया हो।
परिवार वालों के अनुसार मृतका के शरीर पर पहने गए कुछ आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन व्यक्ति है जिसने महिला की हत्या कर शव को देर रात तक कहीं छिपाकर रखा और बाद में घर के पीछे फेंक दिया।
मृतका का बेटा अपनी मां के हत्यारों को पकड़ने की गुहार लगाते हुए फफक कर रो पड़ा। उसे रोते देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। घर में महिलाएं विलाप कर रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में नजर आए।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मृतका के घर भजन-कीर्तन और मुंडन संस्कार का कार्यक्रम होना था। घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जहां भजन-कीर्तन की आवाज गूंजने वाली थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

नीलगाय के टकराने से ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर

सिकंदरपुर/बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय ई-रिक्शा पर कूद गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आदर्श नगर पंचायत सिकंदरपुर के भिख्पुरा निवसि 32 वर्षीय मुन्ना कुमार अपने ई-रिक्शा से लखनापार की ओर गए थे। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही वह मिसिरचक गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पार करने लगी। तेज रफ्तार में आ रहे ई-रिक्शा के सामने नीलगाय आ गई और उछलकर सीधे रिक्शा के ऊपर जा गिरी। अचानक हुई इस घटना से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटते ही चालक मुन्ना कुमार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार चालक को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे उच्च चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता है।पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी घायल चालक के परिजनों को भी दे दी। सूचना मिलते ही परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंच गए और घायल की स्थिति को लेकर काफी चिंतित दिखाई दिए। बाद में परिजन घायल को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर नीलगायों का झुंड सड़क पर आ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग घायल चालक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

न्यू जेनिथ सेन्ट्रल एकेडमी का वार्षिकोत्स्व कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
शुक्रवार को नगरपालिका अंतर्गत वार्ड नन्दना वार्ड उत्तरी पश्चिमी स्थित न्यू जेनिथ सेन्ट्रल एकेडमी का वार्षिकोत्स्व का भव्य आयोजन किया गया।
बताते चले कि शिक्षा के केंद्र के रूप मे संचालित न्यू जेनिथ सेन्ट्रल एकेडमी बरहज के प्रांगण मे प्रत्येक वर्ष का भांति 2026 मे भी शुक्रवार को वार्षिकोत्स्व कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल एवं सावित्री राय द्वारा माता सरस्वती जी के चित्र पर फूल माला अर्पित कर किया गया।जबकि
वार्षिकोत्स्व मे बतौर विशिष्ट अतिथि
श्रीप्रकाश पाल, देवमुनी वर्मा, मुरारी अग्रवाल, डॉ सूरज प्रकाश गुप्ता सहित आदि लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम मे विद्यालय के नन्हें मुन्ने बच्चो ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आये हुए अतिथि गणो का मन मोह लिया। रंगारंग कार्यक्रम मे विद्यालय के तरफ से श्रेया ख़ुशी,आर्या, अनन्या, दिव्या, अमायरा,प्रियांशी, अर्चिता, अर्पिता सहित आदि छात्राओं ने अपने कला का प्रदर्शन कर खूब बाहबाही बटोरी।
वार्षिकोत्स्व कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष की भाति इस साल प्रधानाचार्य फायनाथ यादव एवं प्रबंधक अनीता यादव के द्वारा किया गया, जिसमे भारी संख्या मे लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन त्रिपुरेश पाठक एवं उमा उपाध्याय ने किया।

बलिया: होली के दिन सड़क हादसा बना जानलेवा, इलाज के दौरान युवक की मौत से गांव में मातम

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के Bairia थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में होली के दिन हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दलपतपुर निवासी 20 वर्षीय ओम प्रकाश यादव, पुत्र प्रेमचंद यादव, बुधवार की सुबह होली के दिन अपने घर के सामने सड़क पार करने के लिए खड़े थे। इसी दौरान बैरिया की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए Sonbarsa स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए युवक को Banaras Hindu University के अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार बीएचयू में इलाज के दौरान ओम प्रकाश यादव ने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़े – साइबर ठगी के शिकार युवक को राहत, पुलिस की तत्परता से 60 हजार रुपये वापस

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार का होनहार युवक था और उसकी असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।

मृतक के चाचा रामनारायण यादव ने बैरिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बैरिया की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल को चालक रजनीश कनौजिया, निवासी चकिया, तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल विपरीत दिशा में आकर ओम प्रकाश को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।

इस संबंध में Rajendra Prasad Singh ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़े – पुलिस का ‘मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान’, सुबह 5 से 8 बजे तक 13 स्थानों पर जांच, 234 लोग और 125 वाहन चेक

साइबर ठगी के शिकार युवक को राहत, पुलिस की तत्परता से 60 हजार रुपये वापस

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराई है। थाना फरेंदा पुलिस और साइबर सेल की सक्रियता के चलते पीड़ित के खाते से ट्रांसफर हुए 60 हजार रुपये सुरक्षित वापस मिल गए, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनुरुद्ध पटेल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक थाना फरेंदा के नेतृत्व में साइबर सेल टीम द्वारा इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना फरेंदा क्षेत्र के ग्राम फरेंदा खुर्द निवासी रामप्रीत पुत्र मंगल प्रसाद के साथ 2 मार्च 2026 को साइबर फ्रॉड की घटना हुई थी। अज्ञात साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपये की धनराशि अवैध रूप से ट्रांसफर कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना फरेंदा पुलिस और साइबर सेल की टीम तुरंत सक्रिय हो गई।
पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक और डिजिटल प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रांजैक्शन को होल्ड कराया गया और साइबर ठगों द्वारा ट्रांसफर की गई धनराशि को सुरक्षित कर लिया गया।
पुलिस के सतत प्रयासों और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी 60 हजार रुपये की धनराशि 6 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित रामप्रीत ने जनपद पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता से उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति से बचा लिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक अतुल कुमार सिंह, कांस्टेबल स्वतंत्रवीर रावत, कांस्टेबल राजेश मिश्रा तथा महिला कांस्टेबल रेशम राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यशैली की सराहना की है।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड, संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के मामलों में सतर्क रहें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें अथवा नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।