Saturday, February 21, 2026
Home Blog Page 2792

अक्सर बंद ही रहता है बाल विकास परियोजना अधिकारी का कार्यालय

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)18 दिसम्बर..

बाल विकास परियोजना अधिकारी तमकुहीराज के कार्यालय का गेट तो अक्सर खुला मिलता है, लेकिन कार्यालय में ताला लटकता रहता है। जिम्मेदार तमाम बहाने कर अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने की दुहाई देते रहते है।
सनद हो कि महिला एवं बाल विकास विभाग तमकुहीराज अधिकारी विहीन है, यहां पर अधिकारी के रूप में सुपरवाइजर लीलावती देवी को प्रभारी सीडीपीओ का जिम्मा सौप विभाग के कार्यो का सम्पादन कराये जा रहे है। चूंकि प्रभारी सीडीपीओ सुपरवाइजर है इसलिए उन्हें कोई दूसरी सुपरवाइजर न भाव देती है और न ही उनकी कोई बात सुनती है। यहां सबकी अपनी डफली और अपना अपना राग है। विभाग ने प्रत्येक दिन एक सुपरवाइजर को कार्यालय में उपस्थित रह कर आवश्यक कार्यो के निष्पादन का जिम्मेदारी दे रखा है। लेकिन यहां कोई भी सुपरवाइजर उसका अनुपालन नहीं करती। सूत्र यहां तक बताते है कि सुपरवाइजरों ने किसी खास व्यक्ति को यहां नियुक्त कर रखा है जो प्रत्येक दिन विभाग के गेट का ताला समय से खोलकर चला जाता है, लेकिन अंदर कार्यालय में ताला लटकता रहता है।
शनिवार को कुछ लोग विभागीय जानकारी लेने वाले बाल विकास परियोजना अधिकारी तमकुहीराज के कार्यालय पहुँचे तो वहां का दृश्य देख वे लोग दंग रह गये। उसी में से किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोसल मीडिया पर वायरल कर दिया और उसके बाद विभाग में हलचल मच गया।
उधर प्रभारी सीडीपीओ लीलावती देवी का कहना है कि आरोप निराधार है, मैं ऑफिस गयी थी, और वहां से तहसील दिवस में चली आयी। जबकि कुछ सुपरवाइजर बीआरसी पर हो रहें प्रशिक्षण में गयी थी।
संवादाता कुशीनगर…

आउट आफ स्कूल बच्चों के संबंध में प्रशिक्षित हुए प्रधानाध्यापक

  • नोडल अधिकारी के रुप में प्रधानाध्यापकों का तीन दिनों तक चला प्रशिक्षण

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)18 दिसम्बर..


शनिवार को दुदही बीआरसी परिसर में दुदही विकास खंड के प्रधानाध्यापकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। प्रशिक्षण में 5 वर्ष से 14 वर्ष के आउट आफ स्कूल बच्चों को विद्यालय में प्रवेश तथा उनके शिक्षा के स्तर के उन्नयन पर अध्यापकों को विभिन्न जानकारियां दी गई। प्रशिक्षण में सवाल-जवाब के जरिए संवाद कायम करते हुए जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षक एआरपी अनिल सिंह, देवेंद्र पांडेय, मनोज श्रीवास्तव, रामेश्वर यादव, विनोद प्रसाद ने प्रधानाध्यापकों को बताया कि विद्यालय में पढ़ाई के लिए न आने वाले बच्चों को सबसे पहले चिन्हित करें, इसके बाद उम्र के हिसाब से कक्षा निर्धारित कर उन्हें शिक्षा का महत्व समझा विद्यालय आने के प्रेरित करने की बात कही।

बीइओ अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि कमजोर बच्चों का बौद्धिक स्तर का सुधारने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाएं। सामुदायिक शिक्षा के जिला समन्वयक उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा अशिक्षित न रहे, इसको पूरा करने में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इस दौरान शिक्षक संघ के अध्यक्ष अरुणेंद्र कुमार राय, विद्या सिंह, प्रणव प्रकाश गिरी, जवाहर प्रसाद, योगेंद्र शर्मा, नूर मुहम्मद, अशोक यादव आदि उपस्थित रहे।

संवादाता कुशीनगर…

बेसिक शिक्षा के मंडलीय खेल रैली के लिए रवाना हुए बाल खिलाड़ी

  • देवरिया में आयोजित प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे बाल खिलाड़ी
  • दो बसों से रवाना हुए खिलाड़ियों में चरम पर दिखा उत्साह

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)18 दिसम्बर..

रविवार से देवरिया में आयोजित होने वाले गोरखपुर मंडल के तीन दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए दुदही विकास खंड के 56 सदस्यीय खिलाड़ियों की टीम शनिवार की सायं पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर गौरीश्रीराम से दो बसों से रवाना हुआ। ब्लाक व्यायाम शिक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विकास खंड के जूनियर स्तर बालक, जूनियर स्तर बालिका, प्राथमिक स्तर बालक व प्राथमिक स्तर बालिका की खो खो टीमों के अलावा प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। जूनियर बालिका वर्ग की 600 मीटर (स्वर्ण) जबक6 400 मीटर, 200 मीटर व 100 मीटर रिले रेस में रजत पदक हासिल किया। उक्त सभी छात्र देवरिया जाने वाले दल में शामिल हैं। दल के साथ बस में व्यायाम शिक्षक, पूर्व एबीआरसी ओपी सिंह, सहायक अध्यापक अलका ओझा, अरविंद कुमार दुबे, खेल अनुदेशक अमित कन्नौजिया भी गए। प्रधानाध्यापक नरेंद्र कुमार शर्मा ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ग्रामीण रवींद्र खरवार, शकील उर्फ सोनू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

संवादाता कुशीनगर..

नलकूप खराब होने से नहीं हो पा रही फसलों की सिंचाई, किसान परेशान

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)18 दिसम्बर…

तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत सपही टंडवा लगा सरकारी नलकूप लगभग एक माह से खराब है। इसके चलते रबी फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही। आक्रोशित किसानों ने तत्काल नलकूप ठीक कराने कई मांग करते हुए अन्यथा की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी है। बताते चलें कि मोटर जल जाने से उक्त नलकूप बंद पड़ा है।

इधर किसानों की लगभग सौ एकड़ में बोई गई गेंहू की फसल सिंचाई के अभाव में बर्बाद हो रही है वहीं गन्ना, मक्का, तिलहनी दलहनी व सब्जी की फसलें भी सूख रही है। किसान मंगगे दर पर पंपिंग सेट से सिंचाई करने को मजबूर हैं। गरीब किसानों ने कहा कि प्रति कट्ठा सिंचाई में तीन से चार सौ रुपये खर्च हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार लापरवाह हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता रामबचन गुप्ता, मनोहर, अनिरूद्ध पटेल, गनेश गुप्ता, जितेन्द्र प्रसाद, रामबेलास राजभर, लक्ष्मी गुप्ता, उमेश गुप्ता, हरि प्रसाद, दुर्गा गुप्ता, राजकुमार राजभर, हरिहर राजभर, जगन गुप्ता, सुभाष गुप्ता, भोला गुप्ता, डा. बीके पांडेय, मैनेजर गुप्ता, मनोज ठाकुर आदि किसानों ने किसानों ने तत्काल नलकूप ठीक कराए जाने की मांग करते हुए अन्यथा की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी है।

संवादाता कुशीनगर…

डीएम के प्रयास से मात्र कुछ घण्टों में एक परिवार को मिली खतौनी

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)16 दिसम्बर…

क्षमा मिश्र पत्नी स्व. बृजेश कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में उपस्थित होकर बताया कि वह ग्राम मनिहारी, पो. पाड़े चौरा, तहसील करनैलगंज, दा. गोड़हिया नं.-1, तहसील कैसरगंज की निवासिनी है। उसके द्वारा परिवार की नकल, आधार व मृत्यु प्रमाण-पत्र के साथ 05 अगस्त 2021 को तथा आई.जी.आर.एस. के माध्यम से 09 नवम्बर 2021 के माध्यम से खाता संख्या 71 में ग्राम चकपिहानी के मृतक खातेदार स्व. बृजेश कुमार मिश्रा पुत्र वेदानन्द मिश्रा के स्थान पर मृतक की पत्नी क्षमा मिश्रा, पुत्र सौरभ मिश्रा व वीरेश मिश्रा पुत्रगण स्व. बृजेश कुमार मिश्रा का नाम दर्ज किये जाने के सम्बन्ध में अनुरोध किया गया था। परन्तु उसके परिवार का विवरण अब तक दर्ज नहीं हो सका है।
जनता दर्शन में क्षमा मिश्र पत्नी स्व. बृजेश कुमार मिश्रा की ओर से प्राप्त हुए आवेदन-पत्र का कड़ा संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने उप जिलाधिकारी कैसरगंज को निर्देश दिया कि प्रार्थिनी के प्रार्थना-पत्र को तत्काल निस्तारित किया जाय। डीएम डॉ. चन्द्र ने मात्र इतने से ही संतोष नहीं किया बल्कि फरियादी से कहा कि वे अभी कुछ देर में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने के लिए तहसील कैसरगंज पहुॅचेंगे। आप स्वयं अथवा अपने किसी निकट सम्बन्धी के माध्यम से आज ही दुरूस्त खतौनी की नकल भी प्राप्त कर लें।
उल्लेखनीय है कि प्रकरण के त्वरित निस्तारण के आदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए तहसील प्रशासन द्वारा तत्काल खाते में मृतक के परिवार का विवरण दर्ज कर खतौनी तैयार की गयी और जिलाधिकारी अपना वचन निभाते हुए तहसील कैसरगंज पहुॅचकर फरियादी क्षमा मिश्र पत्नी स्व. बृजेश कुमार मिश्रा के मामा बृजेश शर्मा को दुरूस्त खतौनी की नकल सौंपकर मात्र कुछ घण्टों में एक परिवार की समस्या का समाधान करा दिया। खतौनी प्राप्त करते हुए फरियादी मिश्र के मामा ने जिलाधिकारी के प्रति आभार भी ज्ञापित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब चन्द्र शुक्ला सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

संवादाता बहराइच..

माँ राजेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट के द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरित में ब्लॉक प्रमुख व एसएसबी कमांडेंट को महापुरुष की चिंत्र भेट कर लिया आर्शीवाद बंदना शर्मा

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा) 16दिसम्बर..

सीमावर्ती जनपद बहराइच बाबागंज में पिछले 15 वर्षों से समाज के हित में कार्य कर रहे हो माँ राजेश्वरी एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित किए गए खेल प्रतियोगिता के समापन के बाद खेल में विजयश्री हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किया गया कार्यक्रम के मुख्यथिति एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट तापन कुमार दास व ब्लॉक नवाबगंज के प्रमुख जयप्रकाश सिंह रहे है ।

पुरस्कार वितरित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवपूजन सिंह ने कहा कि खेल-खूद कार्यक्रम के समापन के बाद आज नवाबगंज क्षेत्र में खेलकूद का कार्यक्रम जो हुआ है इससे क्षेत्र की दबी हुई प्रतिभाओं को अपना दमखम दिखाने का अवसर मिल है।यह हम सब के लिए गौरव की बात है कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसबी कमांडेंट तपन कुमार दास ने कहा कि जिस तरह से शिक्षा इंसान के लिए जरूरी है वैसे ही खेलकूद अपने आप को फिट करने के लिए बहुत ही जरूरी है इसलिए इस आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र छात्राओं को मैं अपना आशीर्वाद देने के साथ-साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं कि आगे जब भी खेलकूद में हिस्सा लें तो अपने क्षेत्र का मान बढ़ाएं वही कार्यक्रम में बोलते हुए नवाबगंज ब्लाक प्रमुख जयप्रकाश सिंह ने कहा कि खेल इंसान को फिट रखता है इसलिए हम सबको चाहिए कि अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी प्रतिभाग करने का अवसर दें जिससे दबी हुई प्रतिभा बाहर आए और अपने क्षेत्र का मान और सम्मान बड़े उन्होंने कार्यक्रम में आए हुए महिलाओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार महिलाओं के लिए बहुत ही कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं जिससे महिलाएं स्वावलंबी हो रही हैं। इस आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विजय श्री खिलाड़ियों को मेडल पुरस्कार के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया इस अवसर पर नवाबगंज के बिलासपुर की छात्रा बंदना शर्मा के द्वारा एसएसबी कमांडेंट व ब्लाक प्रमुख जयप्रकाश सिंह को तस्वीर देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। वंदना शर्मा अभी नौ वर्ष की नन्हीं बिटिया है और सरकारी स्कूल में प्राथमिक शिक्षा ग्रहण कर रही हैं, वंदना शर्मा को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक कुमार तथा कई अन्य अधिकारियों के हाथों से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हो चुका है मूर्ति विसर्जन के अवसर पर सरयू घाट गायघाट पर आयोजित कार्यक्रम में वंदना ने पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह को देखा तो स्वयं पुलिस अधीक्षक बनने की मन में ठान ली और जब भी चर्चा होती है वह बातों ही बातों में पुलिस अधीक्षक बनने की इच्छा जाहिर करती है, बंदना के पिता धीरेंद्र शर्मा ने बताया कि बिटिया मेहनत से पढ़ाई कर रही हैं और आईपीएस बनना चाहती है ,कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि रुपईडीहा प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार त्रिपाठी व जिनका भी कार्यक्रम में माल्यार्पण कर स्वागत किया गया वहीं बाबा गंज चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह को भी रामचरितमानस की पुस्तक देकर सम्मानित किया गया इस इस अवसर पर कार्यक्रम में डॉ रमाकांत तिवारी,छेदा खां,धीरेंद्र कुमार शर्मा,राकेश वर्मा,पंकज कुमार कश्यप,पूर्व प्रधान इरशाद अली,पूर्व प्रधान व वरिष्ठ समाजसेवी भानु प्रताप सिंह, दस्तगीर अहमद,विशेष सिंह, सहित काफी संख्या में क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।

संवादाता बहराइच…

सर्टिफिकेट वितरण के साथ नव प्रयोग जागरूकता शिविर का हुआ समापन

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)16दिसम्बर…


श्री अन्नपूर्णा इंटरमीडिएट कॉलेज गुरवलिया कुशीनगर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी भारत सरकार और जनार्दन प्रसाद मेमोरियल बहुद्देशीय सामाजिक सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में श्री अन्नपूर्णा इंटरमीडिएट कॉलेज गुरवलिया में विज्ञान एवं तकनीकी आधारित नवप्रयोग जागरुकता शिविर का समापन प्रतिभागी बच्चों को सर्टिफिकेट वितरण करते हुए डॉ0 शक्ति प्रकाश पाठक पूर्व प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रपति द्वारा सम्मनित शिक्षक व प्रबंधक, श्री राजेश पाठक प्रधानाचार्य श्री अन्नपूर्णा इंटरमीडिएट कॉलेज गुरवलिया, कुशीनगर तथा रामवृक्ष गिरि सामाजिक कार्यकर्ता, तुहिन श्रीवास्तव सचिव, जनार्दन प्रसाद मेमोरियल बहुद्देशीय सामाजिक सेवा संस्थान गोरखपुर के द्वारा किया गया ।सर्टिफिकेट वितरण के दौरान डॉ0 शक्ति प्रकाश पाठक प्रबंधक ने बच्चों से कहे की विज्ञान व तकनीकी का घर, खेती और ब्यावस्य में सुगमता लाता है।


राजेश पाठक प्रधानाचार्य ने सबका धन्यवाद देते विज्ञान प्रौद्योगिकी भारत सरकार और कार्यक्रम के प्रशिक्षक तुहिन श्रीवास्तव व सहयोगी रामवृक्ष गिरि को धन्यवाद देते हुए बच्चों से कहे विज्ञान व तकनीकी जीवन, कौशल, और पर्यावरण में समविकास में सहयोगी होता है। कभी भी नव प्रयोग ऐसा करना चाहिए जिससे प्रकृति, जीवन व भावी पीढ़ी को नुकसानदाई न हो।


रामवृक्ष गिरि ने सभी प्रतिभागियों और स्कूल प्रशासन का अभिवादन किया


तीन दिवसीय कार्यक्रम में तुहिन श्रीवास्तव ने कृषि, स्वच्छ जल, स्वच्छता, उद्यम, उद्योग और संभावनाओं के समीकरण को विज्ञान जोड़ते हुए प्रोजेक्ट बनाने और प्रस्तुत करने का तरीका बताया।

इस अवसर डॉo शक्ति प्रकाश पाठक, राजेश पाठक, रामवृक्ष गिरि, तुहिन श्रीवास्तव, विवेक कुमार राय अध्यापक रसायन विज्ञान, सुनीता श्रीवास्तव, अजय कुमार, श्री देवेश प्रताप सिंह अध्यापक जीव विज्ञान,श्री रामबड़ाई शर्मा और रिंकू आदि उपस्थित रहे।

संवादाता कुशीनगर…

मार्ग दुर्घटना में पत्रकार घायल

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)16 दिसम्बर..

गुरुवार को तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के तुर्कपट्टी बाजार नहर चौराहा पर सड़क पार कर रहे एक दैनिक समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार अनियंत्रित टेंपो की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। कुबेरस्थान बाजार निवासी सुरेंद्रनाथ तिवारी किसी कार्यवश तुर्कपट्टी आए थे। वे उक्त स्थान पर सड़क पार कर रहे थे कि कसया की तरफ से आ रहे तेजगति अनियंत्रित वाहन ने ठोकर मार दिया। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर कई फीट दूर उछलकर गिर गए। कमर व सिर में गंभीर चोट लगी। इधर मौके का फायदा उठाकर टेंपो चालक वाहन सहित फरार हो गया। मौके पर जुटे लोग उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए जहां से उन्हें कुबेरस्थान व वहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

संवादाता कुशीनगर...

शत- प्रतिशत वैक्सीनेशन हेतु गांवों के लिए जागरूकता अभियान रवाना

घर घर जाकर वैक्सीनेशन में सहयोग के लिए एपीपीआई और एक्शन एड आया आगे

राजापाकड़/कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)16 दिसम्बर…

शत-प्रतिशत कोविड-19 टीकाकरण पूर्ण करने के लक्ष्य के साथ एपीपीआई के सहयोग और एक्शन एड द्वारा संचालित सम्पूर्ण टीकाकरण योजना के तहत कार्यकर्ताओं को घर-घर टीकाकरण कराने में सहयोग के लिए गुरुवार को न्यू पीएचसी तुर्कपट्टी के अधीक्षक डॉ संदीप राव ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
एक्शन एड कुशीनगर के जिला समन्वयक रामवृक्ष गिरि ने बताया कि इसका उद्देश्य घर-घर जाकर कोविड-19 टीकाकरण से वंचित व्यक्तियों की पहचान करना, पूरी आबादी का उम्रवार सर्वे करना तथा इसकी सूचना सम्बंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को देना है। कोविड प्रोटोकॉल और विहैवियर चेंजिंग होम टू होम, वन टू वन जागरूकता के साथ साथ सौ प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने में स्वास्थ्य विभाग को अगले छः महीने तक सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सहयोग के लिए 145 कार्यकर्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुबेरस्थान, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तुर्कपट्टी,पृथ्वीपुर, कोईलसवा, नेबुआ नौरंगिया और खड्डा के अच्छादित परिवारों से संपर्क करने में वैक्सीनेशन टीम को सहयोग करेंगे। डॉ संदीप राव ने कहा कि सभी को वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आना चाहिए। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि मुरली मनोहर, पी एच सी समन्वक अमर प्रसाद यादव, सुपर वाइजर रामाधार यादव, फार्मासिस्ट उपेन्द्र सिंह, मंजूर आलम, कुलदीप, देवेन्द्र गुप्ता, गोविंद कुशवाहा व सिंहासन यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संवादाता कुशीनगर…

आंदोलन की चेतावनी पर खुली जिम्मेदारों की नींद, हुई सड़क की मरम्मत

राजापाकड़/कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)16 दिसम्बर..

गत रविवार को दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बलुअड़वा टोला को देवामन ताल पार गांव के अन्य टोलों से जोड़ने वाले मार्ग की हालत खस्ता होने पर प्रदर्शन कर तत्काल सड़क मार्ग की मरम्मत की मांग करते हुए अन्यथा की दशा में वृहद आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिसका संज्ञान लेकर जिम्मेदारों ने गुरुवार को मिट्टी भरकर सड़क की मरम्मत करा दी। बताते चलें कि बलुअड़वा टोला और दुमगी खास टोला के बीच दो किमी से अधिक लंबा देवामन ताल है जिसमें वर्ष पर्यंत पानी रहता है। देवामन ताल पर एक पुलिया बना है जिससे होकर खड़जा मार्ग दोनों को जोड़ता है। गांव के तमाम लोगों की खेती उसपार है। ट्रैक्टर आदि कृषि उपकरण उक्त मार्ग से ही होकर जाते हैं।

लेकिन सड़क खराब होने के चलते किसानों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता था। गन्ना का सीजन शुरू हो गया है लेकिन किसान इस मार्ग से अपने गन्ना की आपूर्ति नहीं कर पा रहे थे। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कई बार मरम्मत की गुहार लगाकर थक चुके आजिज हरिवंश उर्फ झिन्नू तिवारी, कांता कुशवाहा, अमरनाथ तिवारी, दीपक कुशवाहा, प्रदीप गुप्ता, उपेंद्र चौरसिया, रवींद्र ठाकुर, गौरव खरवार, दुर्गेश खरवार, विनोद शर्मा, रवींद्र कन्नौजिया, जैनुद्दीन, सुधीर शर्मा, अक्षय कुमार, ओपी खरवार, हरेश बैठा आदि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत कर किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया जाता तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सड़क की मरम्मत हो जाने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है।
संवादाता कुशीनगर…

आयुष्मान कार्ड ने दी गरीबों के आंखों को रोशनी,पथरी निकाल पेट दर्द से भी दिलाया छुटकारा

• आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मिला आयुष्मान कार्ड, बना वरदान।

• आयुष्मान योजना से 9605 लाभार्थियों को मिला लाभ।


बलिया( राष्ट्र की परम्परा)15 दिसम्बर…
अंत्योदय कार्ड धारकों का अब आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का गोल्डन कार्ड बनाया जा रहा है। यह कहना है अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/ आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ० विजय यादव का।
डॉ० विजय ने बताया कि आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना है। इसे 23 सितंबर 2018 को शुरू किया गया था। इस योजना का उद्देश्य जनपद के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क उपचार प्रदान करना है। योजना के तहत सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के अनुसार चिन्हित लाभार्थी परिवार को प्रति वर्ष प्रति परिवार पांच लाख रुपये के इलाज की सुविधा निःशुल्क दी जा रही है। इसके तहत जिले में आयुष्मान कार्ड धारकों को लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 की सूची के अनुसार केंद्र सरकार से पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया है। अंत्योदय कार्ड धारकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है।


क्या कहा लाभार्थियो ने


1- मैमुननिशा निवासी सहतवार ने बताया कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पथरी का आपरेशन नहीं करवा प रही थी। जब आयुष्मान कार्ड बनकर आया तब महाबीर अस्पताल में पथरी का आपरेशन करवाया। यह कार्ड किसी वरदान से कम नहीं है हम जैसे गरीब लोगों के लिए।
2- सुगी देवी निवासी सरसपाली गोपालपुर ने बताया कि यह कार्ड गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा है। आयुष्मान कार्ड अगर मेरा नहीं बना होता तो मेरे आँख का आपरेशन नहीं हो पाता।
3- प्रभावती देवी निवासी जमुआ ने बताया कि जब मुझे पता चला कि आयुष्मान कार्ड के जरिये इसका निःशुल्क इलाज करवाया जा सकता है तो उन्होंने आयुष्मान कार्ड के जरिये शांति देवी नेत्र अस्पताल बलिया में निःशुल्क उपचार करवाया। हमारे आँखों की रोशनी पुनः वापस लौट आयी। अब मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूँ और प्रधानमंत्री की इस योजना को धन्यवाद देती हूँ।
आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वक (डीपीसी) डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि योजना के तहत राजकीय और निजी अस्पतालों को मिला कर 9605 कार्डधारियों ने 12.98 करोड़ रूपये का निःशुल्क इलाज का लाभ लिया है। जिले के राजकीय अस्पतालों व निजी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन-आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्डधारी निःशुल्क चिकित्सा का भरपूर लाभ ले रहें हैं। इसमें अन्य प्रदेशों के विकसित शहरों में भी निःशुल्क चिकित्सा का लाभ प्राप्त करने वालों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया की जनपद में 2.21 लाख आयुष्मान कार्डधारी पोर्टल पर पंजीकृत हैं। जिला- सदर अस्पताल (पुरुष) में 182, राजकीय महिला अस्पताल में 70, दुबहर सीएचसी पर 6, सोनवानी सीएचसी 4, खेजुरी सीएचसी 1, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज का लाभ लिया। वहीं निजी क्षेत्र के चिकित्सालयों जैसे गौरव हॉस्पिटल में 981,असर्फी हॉस्पिटल में 556, बलिया ट्रामा सेंटर में 30, डॉ महावीर सिंह हॉस्पिटल में 600, जीवन ज्योति हॉस्पिटल में 30, माँ चैरिटबल हॉस्पिटल में 59, सत्या हॉस्पिटल में 11, शांति देवी नेत्रालय में 372, शांति सर्जिकल हॉस्पिटल में 19, शारदा हॉस्पिटल में 342, शिवम हॉस्पिटल में 60, एस0 पी0 सिटी हॉस्पिटल में 833 लाभार्थियों ने निःशुल्क इलाज प्राप्त किया है।

संवादाता बलिया…

जनता क्रांति पार्टी(रा.)ने मनाया स्थापना दिवस


रतनपुरा/मऊ(राष्ट्र की परम्परा)15दिसम्बर..

हलधरपुर में जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) का पांचवा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित चौहान एकता महा रैली एवं पृथ्वीराज चौहान महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया । समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पधारे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश चौहान ने कहा कि चौहान समाज अब एकजुट हो गया है और अपनी ताकत दिखाने के लिए संकल्पित भी हो गया है। इस एकता का असर प्रदेश के आगामी विधान सभा चुनाव में भी देखने को मिलेगा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले अपने दम पर राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को समाज के सभी वर्गों के लिए मुफ्त शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। जिससे सभी जाति वर्ग के लोग स्वस्थ रहते हुए अच्छी शिक्षा प्राप्त कर उच्च पदों पर आसीन हो सके। जिससे राष्ट्र का विकास हो सके ।पत्रकारों के एक प्रश्न कि चौहान समाज के लोग कई दलों के साथ बँटे हैं, को उन्होने सिरे से खारिज किया और कहा कि पूरा समाज उनकी पार्टी के साथ है। कार्यक्रम में आयोजित पृथ्वी राज चौहान महायज्ञ में बड़ी संख्या में जुटे स्त्री -पुरुषों ने हवन किया तथा हवन कुंड की परिक्रमा कर अपने समाज की उन्नति के लिए एक होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

संवादाता मऊ…

बेहतरीन कार्य के लिए जिलाधिकारी ने शिक्षक अंजनी सिंह को किया सम्मानित

रतनपुरा/मऊ(राष्ट्र की परम्परा)15 दिसम्बर…

जनपद मुख्यालय के बलिया मोड़ स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में बुधवार से प्रारंभ हुई बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में पधारे जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने पूरे जनपद से आए हुए परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की खेल प्रतिभा को खूब सराहा। बैंड की धुन पर मार्च पास्ट करते शिक्षा क्षेत्र रतनपुरा के प्राथमिक विद्यालय कइंया के छोटे-छोटे बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन को देख वह अभिभूत हो गए। बच्चों को सम्मानित करने के पश्चात उन्होंने विद्यालय के कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक अंजनी कुमार सिंह को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया।जिससे वहाँ उपस्थित शिक्षकों एवं बच्चों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
जिलाधिकारी के हाथों पुरस्कार करने के बाद शिक्षक अंजनी कुमार सिंह से बात करने पर उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान ही उन्हें तमाम विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को बेहतर ढंग से करने की शक्ति देते हैं। जिससे वह अपने विद्यालय के बच्चों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।उन्होने इसके लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।

संवादाता मऊ..

भाजपा में शामिल होकर लखनऊ से वापस लौटे मदन राजभर का कार्यकर्ताओं ने रतनपुरा में किया स्वागत

रतनपुरा/मऊ(राष्ट्र की परम्परा)15 दिसम्बर..

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी में शामिल होकर वापस आए भारतीय संघर्ष समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन राजभर का बुधवार को रतनपुरा बाजार में भव्य स्वागत किया गया। प्रमुख प्रतिनिधि कृष्णा राजभर, जिला महामंत्री रामाश्रय मौर्य, दयाशंकर श्रीवास्तव, विनोद कुमार गुप्ता, विनोद कुमार, नरेंद्र राजभर, मोती चंद्र शर्मा, चंदन गुप्ता, आलोक खरवार, अरविंद राम, हरेंद्र राजभर, दिनेश, ग्रामप्रधान कन्हैया लाल ने भारत माता की जय,वंदे मातरम भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के गगनभेदी नारों के साथ भव्य स्वागत कर उन्हें पार्टी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

संवादाता मऊ..

परिषदीय विद्यालयों की धरातलीय हकीकत परखने बलिया पहुंचीं अपर शिक्षा निदेशक सविता तिवारी

कहीं दिखीं खुश तो कहीं सम्बन्धित से स्पष्टीकरण तलब करने हेतु बीएसए को किया निर्देशित

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)15 दिसम्बर..

महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश के क्रम में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों की धरातलीय हकीकत जानने हेतु अपर परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश सरिता तिवारी द्वारा जनपद का दो दिवसीय दौरा किया गया । दो दिवसीय भ्रमण के क्रम में निरीक्षण के दौरान जनपद बलिया के पांच परिषदीय विद्यालयों तथा दो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अपर परियोजना निदेशक द्वारा कुछ विद्यालयों में पायी गयी कमियों को पूर्ण कराये जाने एवं अपेक्षित सुधार हेतु बीएसए बलिया को निर्देशित किया गया। अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा लखनऊ द्वारा समस्त विद्यालयों में बच्चो से भी वार्ता की गयी जिसमें कई जगह उनके द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गयी तथा कई जगह प्रधानाध्यापक को और बेहतर सुधार हेतु निर्देशित किया गया। कुछ विद्यालयों में मीनू के अनुरूप भोजन न बनने पर तथा एक विद्यालय में चूल्हे पर भोजन बनाये जाने पर उनके द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी तथा सम्बन्धित को कड़ी नोटिस जारी किये जाने हेतु बीएसए को निर्देशित किया गया। निरीक्षण में प्रा०वि० कटियारी रसड़ा बलिया में आने जाने का रास्ता तथा शौचालय न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए उक्त कमियों के समाधान की दिशा में पहल हेतु बीएसए और प्रधानाध्यापिका को निर्देशित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रसड़ा के निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया। खाद्यान्न के भंडारण का निरीक्षण किया गया तथा यह निर्देशित किया गया की समस्त सामग्री निश्चित रूप से कंटेनर में रखा जाए । निरीक्षण के दौरान अपर परियोजना निदेशक द्वारा बालिकाओं से भी बातचीत की गई तथा उनके जवाब पर प्रसन्नता व्यक्त की गई । कस्तूरबा विद्यालय रसड़ा में पुस्तकालय की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी, विद्यालय के छत की सफाई तथा वाटर टैंक की सफाई हेतु वार्डेन को निर्देशित किया गया। कन्या प्रा० विद्यालय गढ़िया के निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन गैस चूल्हे पर न बनकर लकड़ी चुल्हे पर बनने तथा साफ सफाई न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी तथा सम्बन्धित प्रधानाध्यापक को कड़ी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किये जाने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया। प्रा०वि० कमतैला रसड़ा में निरीक्षण के दौरान मीनू के अनुरूप भोजन न बनने, स्वच्छता न होने पर नाराजगी व्यक्त की गयी तथा उक्त कमियों को तत्काल पूर्ण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्राथमिक विद्यालय सोनाङी नगरा के निरीक्षण के दौरान शौचालय तथा हैंड वाशिंग यूनिट पूर्ण किए जाने तथा साफ सफाई हेतु प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चिलकहर बलिया का निरीक्षण किया गया जिसमें खाद्यान्न के रखरखाव पर प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा विद्यालय में बालिकाओं से भी बातचीत की गई जिसमें अपर परियोजना निदेशक महोदय द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई विद्यालय के हॉस्टल में बालिकाओं के रहने के स्थान का जायजा भी लिया गया तथा विद्यालय परिसर में बन रहे हॉस्टल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयकों, एआरपी, वार्डेन/लेखाकार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की मीटिंग कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बलिया में ली गई तथा बेसिक शिक्षा में संचालित समस्त कार्यक्रमों की समीक्षा की गई जिसमें मुख्य रूप से डीबीटी, कायाकल्प, मध्याह्न भोजन, तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में चल रहे कार्यों के बारे में समीक्षा की गई तथा निर्देशित किया गया की समस्त कार्य समय के अंतर्गत पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान पाई गई समस्त कमियों को सभी विद्यालयों में पूर्ण किए जाने हेतु समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक आदि को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिव नारायण सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा हिमांचल यादव, समस्त खंड शिक्षा अधिकारीगण, जिला समन्वयक, एआरपी, वार्डेन/लेखाकार केजीबीवी उपस्थित रहे।

संवादाता बलिया…