Friday, March 13, 2026
Home Blog Page 2

बंधऩ बैंक की नई शाखा का उद्घाटन, लोगों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर के रुद्रपुर रोड स्थित कटरा में मंगलवार को बंधन बैंक की नई शाखा का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बैंक की नई शाखा खुलने से स्थानीय लोगों, किसानों तथा व्यवसायियों को काफी सुविधा मिलेगी। छोटे कारोबारियों को आसानी से ऋण उपलब्ध हो सकेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने शाखा की प्रगति की कामना करते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस दौरान एरिया मैनेजर ने बताया कि बंधन बैंक की शाखाएं देशभर में संचालित हैं और इस नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को लेन-देन सहित बैंकिंग की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्राहकों को बेहतर सेवा प्रदान करना बैंक की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक ने पुष्पगुच्छ देकर नगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया। इस मौके पर मनोज गुप्त, पवन कुमार, गोविंद जायसवाल, शम्भू दयाल भारती, अखिलेश्वर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

सर्राफा दुकान से सोने के आभूषण लेकर भागा युवक, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के बेल्थरा रोड नगर में मंगलवार को एक सर्राफा दुकान से सोने के आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी युवक को पकड़ लिया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेल्थरा रोड नगर स्थित एक सर्राफा दुकान पर मंगलवार को एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार जब उसे अलग-अलग डिजाइन के गहने दिखाने लगा, तभी युवक ने मौका देखकर दुकानदार का ध्यान भटकाया और कुछ सोने के आभूषण लेकर अचानक दुकान से बाहर निकलकर भाग गया।

कुछ देर बाद जब दुकानदार ने सामान समेटना शुरू किया तो उसे गहने कम होने का संदेह हुआ। इस पर उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें युवक द्वारा आभूषण लेकर भागने की पूरी घटना कैद मिली। इसके बाद दुकानदार ने आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करते हुए उसकी तलाश शुरू की गई। बाजार और आसपास के इलाकों में लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। लोगों ने उसे पकड़कर पूछताछ की और बाद में पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा चोरी हुए आभूषणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर बेल्थरा रोड बाजार में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को नियमित गश्त बढ़ानी चाहिए, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

एक हाथ में चाक-एक में डस्टर

साइंस मैथ्स का मैं अध्यापक,
एक हाथ में चाक एक में डस्टर,
एक क्लास से दूसरी क्लास तक,
सुबह से दौड़ूँ मैं ‘उड़ान’ भर कर।

थ्योरी, फ़ार्मूले पढ़ाया करता था,
अक्सर ख़ुद पढ़कर जाना होता था,
विद्यार्थी भी कई बहुत चतुर होते थे,
वह भी क्लास में ऊँची उड़ान भरते थे।

मुझको कभी कभी चक्कर दे देते थे,
अटपटे प्रश्न पूछ हैरान मुझे करते थे,
शिक्षक होना आसान नहीं होता है,
उसे सदा सर्व ज्ञानी होना अपेक्षित है।

अनुशासन प्रिय मैं स्वयं बहुत था,
सबको अनुशासन में रखता था,
दबदबा बहुत था साइंस टीचर का,
विद्यालय में मान सम्मान बहुत था।

प्रधानाचार्य थे सदा प्रभावित,
अध्यापक सब रहते मित्रवत्,
आदित्य आयु थी परिश्रम की,
जीवन में कुछ करके बनने की।

  • डा. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’

जीएसटी पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन, 182 शोध-पत्रों की हुई प्रस्तुति

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के सहयोग से “भारत में जीएसटी: उपलब्धियाँ, चुनौतियाँ और आगे की राह” विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हो गया। संगोष्ठी के दूसरे दिन तृतीय व चतुर्थ तकनीकी सत्र तथा समापन समारोह आयोजित किया गया। दो दिवसीय संगोष्ठी में कुल 182 शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए।
तकनीकी सत्र–III का विषय “GST: इंडस्ट्री आधारित दृष्टिकोण” था, जिसमें 59 शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। सत्र समन्वयक प्रो. अनिल कुमार यादव तथा सह-समन्वयक डॉ. राहुल मिश्रा रहे। सत्र की अध्यक्षता प्रो. अखिल मिश्रा (वाणिज्य विभाग, बीएचयू, वाराणसी) और प्रो. आकाश अग्रवाल (हेड, डिपार्टमेंट ऑफ एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज, आर.ई. कॉलेज, कन्नौज) ने की, जबकि विशेषज्ञ वक्ता सी.ए. गौरव अग्रवाल रहे। सत्र में एमएसएमई, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, ई-कॉमर्स, निर्यात, पर्यटन और एफएमसीजी जैसे विभिन्न उद्योगों पर जीएसटी के प्रभाव का विश्लेषण किया गया। सी.ए. गौरव अग्रवाल ने जीएसटी की उपलब्धियों, वर्तमान चुनौतियों तथा कर प्रणाली में पारदर्शिता और अनुपालन बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
तकनीकी सत्र–IV का विषय “GST के भविष्य की संभावनाएं” रहा, जिसमें 48 शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। सत्र समन्वयक प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव तथा सह-समन्वयक डॉ. अंशु गुप्ता थे। सत्र की अध्यक्षता प्रो. नीरज शुक्ला (वाणिज्य विभाग, KMCL विश्वविद्यालय, लखनऊ) तथा प्रो. दीपक बाबू (वाणिज्य संकाय अध्यक्ष, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय) ने की। विशेषज्ञ वक्ता सुनील जायसवाल (AC, SGST) और सी.ए. दीपक गुप्ता रहे। विशेषज्ञों ने जीएसटी प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वचालन, पारदर्शिता तथा सरल व्यवसाय-अनुकूल ढांचे के विकास पर बल दिया।
संगोष्ठी का समापन सत्र महायोगी गुरु गोरक्षनाथ शोध पीठ में आयोजित हुआ। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. एस. वी. पाठक ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रो. जे. वी. वैषम्पायन (भूतपूर्व कुलपति, CSJM कानपुर विश्वविद्यालय एवं बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी), मुख्य अतिथि प्रो. संजीत कुमार गुप्ता (कुलपति, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया) तथा उदित नारायण सिंह (S.B. Enforcement) उपस्थित रहे।
प्रो. जे. वी. वैषम्पायन ने कहा कि राज्य के संचालन में कराधान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने जीएसटी को महत्वपूर्ण कर सुधार बताते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ती है, कर चोरी कम होती है और देश के बाजार को मजबूती मिलती है।
मुख्य अतिथि प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि केवल विषयों को पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यवहार में लागू करना भी आवश्यक है। ज्ञान का वास्तविक उद्देश्य समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में उसका उपयोग करना है।
उदित नारायण सिंह ने कहा कि जीएसटी के नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ताओं से हर खरीद पर बिल लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे कर प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ती है और देश के विकास में आम नागरिक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समापन सत्र में प्रत्येक तकनीकी सत्र से एक-एक श्रेष्ठ शोध-पत्र को “Best Paper Award” से सम्मानित किया गया। तकनीकी सत्र–I में प्रीति यादव, सत्र–II में अंचल, सत्र–III में डॉ. पूर्णिमा मिश्रा और सत्र–IV में अपर्णा गुप्ता को सम्मानित किया गया।
समापन सत्र में डॉ. अभिषेक कुमार ने संगोष्ठी की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंशिका मिश्रा ने किया। तकनीकी सत्रों का संचालन एवं मार्गदर्शन प्रो. ए. के. गुप्ता और डॉ. अंशु गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। संगोष्ठी के सफल आयोजन में वाणिज्य संकाय, बैंकिंग एवं इंश्योरेंस विभाग के शिक्षकों तथा शोधार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सह-संयोजक प्रो. राजीव प्रभाकर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

27 व 28 मार्च को होगी गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्णकालिक पी.एच.डी. शोध पात्रता परीक्षा (RET-2025) का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार यह परीक्षा 27 और 28 मार्च 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 46 विषयों के कुल 2715 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र 22 मार्च से विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 मार्च को प्रथम पाली (सुबह 09:00 से 10:30 बजे तक) में राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, मनोविज्ञान, गणित, पर्यावरण विज्ञान, अंग्रेजी, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास, वनस्पति विज्ञान और हिंदी की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे तक) में शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, दर्शनशास्त्र, रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन, विधि, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में 28 मार्च को प्रथम पाली (सुबह 09:00 से 10:30 बजे तक) में प्राणी विज्ञान, भूगोल तथा कृषि संकाय के सभी विषयों कृषि सांख्यिकी, जेनेटिक्स, कीट विज्ञान, कृषि प्रसार, कृषि विज्ञान, कृषि इंजीनियरिंग, पशुपालन एवं डेयरी, बागवानी, पादप रोग विज्ञान, मृदा संरक्षण, मृदा विज्ञान एवं कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी। जबकि द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे तक) में प्राचीन इतिहास, बायोटेक्नोलॉजी, व्यवसाय प्रशासन, दृश्य कला, संस्कृत, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, फार्मेसी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के मद्देनज़र जनपद न्यायालय सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश (पॉक्सो)/नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार ने की तथा संचालन प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने किया।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने विभागों और कार्यालयों में 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान अधिक से अधिक वादों और मामलों के निस्तारण के लिए प्रयास करें। कलेक्ट्रेट के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
पुलिस विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि न्यायालय से प्राप्त नोटिसों की तामील कराई जा रही है तथा सभी थानों के पैरोकारों को अधिक से अधिक नोटिसों की तामील सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह ने कहा कि 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों के सहयोग की आवश्यकता है, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जा सके।
बैठक में उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार, एसीएमओ, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, एआरटीओ प्रियंबदा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, डॉ. मुबारक अली, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन व सुचारु व्यवस्था के दिए निर्देश

14 व 15 मार्च को चार पालियों में होगी परीक्षा, जनपद में बनाए गए 12 परीक्षा केंद्र

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गणेश शंकर विद्यार्थी इंटर कॉलेज तथा जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज पहुंच कर परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, परीक्षार्थियों की जांच व्यवस्था और प्रवेश व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए क्लॉक रूम, पेयजल, पर्याप्त एवं सुविधाजनक फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय तथा सुव्यवस्थित जांच स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और अनुशासित ढंग से संचालित की जाए।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को चार पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 4560 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जबकि दोनों दिनों में कुल 18240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

8 माह से मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों में रोष, जिलाध्यक्ष ने खोला मोर्चा

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के मनरेगा कर्मियों की लंबित समस्याओं और आठ माह से बकाया मानदेय को लेकर उत्तर प्रदेश मनरेगा कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 से मानदेय और ईपीएफ का भुगतान न होना केवल विभागीय शिथिलता नहीं, बल्कि कर्मचारियों के जीवन के अधिकार (अनुच्छेद 21) का हनन है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि संत कबीर नगर में ग्राम रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों ने दिन-रात मेहनत कर जनपद के लक्ष्यों को पूरा किया है। विभागीय कार्यों के साथ-साथ एसआईआर और क्रॉप सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके बावजूद प्रशासनिक मद से कर्मचारियों का भुगतान लंबित है, जो वित्तीय अनियमितता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बीती दीपावली और अब होली जैसे प्रमुख पर्व भी बिना वेतन के बीत रहे हैं, जिससे कर्मियों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारी मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव में हैं।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित मानदेय और ईपीएफ देयता का निस्तारण नहीं किया गया, तो जनपद के सभी मनरेगा कर्मी कार्य करने में असमर्थ होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
उनके अनुसार संगठन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूरे मामले से अवगत कराने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने मांग की कि संत कबीर नगर सहित अन्य प्रभावित जनपदों के मनरेगा कर्मियों की फाइलों का तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि कर्मचारियों को उनका बकाया पारिश्रमिक मिल सके।

काली मंदिर के पास फैल रही गंदगी को लेकर ग्रामीणों ने की नाला निर्माण की मांग

सिकंदरपुर /बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l

विकासखंड नवानगर के ग्राम पंचायत तिलौली के ग्रामीणों ने काली मंदिर के पास फैल रही गंदगी और प्रदूषण की समस्या को लेकर ब्लॉक प्रमुख से नाला निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की अपील की।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा स्थित हरिजन बस्ती का नाबदान का गंदा पानी सीधे काली मंदिर के पास गिर रहा है। इसके कारण मंदिर परिसर के आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। मंदिर में पूजा-पाठ करने आने वाले श्रद्धालुओं और मंदिर के पुजारी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही गंदगी के कारण बीमारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस नाबदान का पक्का नाला बनाकर गांव के पास स्थित बलिया–सोनौली मार्ग के बह में गिरा दिया जाए तो मंदिर परिसर में फैल रही गंदगी से छुटकारा मिल सकता है। इससे न केवल स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि धार्मिक स्थल की पवित्रता भी बरकरार रहेगी। ग्रामीणों ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी कहा कि काली मंदिर गांव का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में गंदगी और प्रदूषण का बने रहना उचित नहीं है। इसलिए जल्द से जल्द नाले का पक्का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।इस संबंध में ग्राम पंचायत तिलौली के ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द नाला निर्माण कराया जाए, ताकि गांव के लोगों और श्रद्धालुओं को इस समस्या से राहत मिल सके और मंदिर परिसर को गंदगी व प्रदूषण से मुक्त कराया जा सके।प्रार्थना पत्र देने वालों में संदीप सिंह राजन सिंह देवेंद्र सिंह प्रभू नाथ तिवारी समेत ग्राम पंचायत तिलौली के कई ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

शिकारपुर चौकी के नए प्रभारी बने मनोज कुमार यादव, संभाला कार्यभार

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के क्रम में मनोज कुमार यादव ने थाना भिटौली अंतर्गत शिकारपुर चौकी के नए प्रभारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।

जानकारी के अनुसार मनोज कुमार यादव इससे पहले जनपद में जनसुनवाई प्रकोष्ठ में प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई थी। अब उनका स्थानांतरण थाना भिटौली के शिकारपुर चौकी पर कर दिया गया है, जहां उन्होंने विधिवत कार्यभार संभाल लिया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत चौकी प्रभारी ने चौकी के पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को सख्ती से रोका जाए।

चौकी प्रभारी मनोज कुमार यादव ने कहा कि शिकारपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या किसी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उधर, स्थानीय लोगों ने भी नए चौकी प्रभारी का स्वागत करते हुए क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद जताई है।

पति और दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में पत्नी गिरफ्तार, आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो ने खोले राज

पत्नी के कथित प्रेम प्रसंग और प्रताड़ना से परेशान था युवक, दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर पहले बच्चों को फांसी दी फिर खुद भी लगा ली फांसी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र में पति और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार पति ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो बनाकर अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और पारिवारिक परिस्थितियों को इस दर्दनाक कदम का कारण बताया था। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना द्वारा पीड़ितों की सहायता और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में थाना नौतनवां पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार थाना नौतनवां पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 44/2026 धारा 61(2) व 108 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्ता वंदना कुमारी पुत्री रामअवतार राम निवासी महमूदपुर थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर को मंगलवार 10 मार्च
को थाना नौतनवां गेट रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस मामले की शुरुआत 8 मार्च 2026 को हुई थी, जब वादी ने थाना नौतनवां में सूचना दी कि उसके भाई अमरेश ठाकुर तथा उसके नाबालिग बेटे और बेटी की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान ही कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।
जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी वंदना कुमारी, जो एसएसबी की 66 वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है, अपने पति के सामने ही अपने कथित प्रेमी सोनू गौतम से बातचीत करती थी।
बताया जाता है कि जब भी अमरेश ठाकुर इस बात का विरोध करता था, तब उसे धमकाया जाता था। पत्नी के इस व्यवहार और पारिवारिक तनाव के कारण अमरेश मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
बताया जाता है कि घटना से पहले अमरेश ठाकुर ने अपने मोबाइल फोन से दो वीडियो बनाए थे, जिनमें उसने अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और पारिवारिक परिस्थितियों को अपनी आत्महत्या का कारण बताया था। इतना ही नहीं, उसने कमरे की दीवार पर भी सुसाइड नोट लिखकर अपनी मानसिक पीड़ा को व्यक्त किया था। पुलिस ने इन साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च को हुई इस हृदयविदारक घटना में अमरेश ठाकुर ने पहले अपने दोनों नाबालिग बच्चों को फांसी के फंदे पर लटका दिया और उसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब इस घटना की जानकारी परिवार और आस-पास के लोगों को हुई तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम बच्चों की मौत से गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल देखने को मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी वंदना कुमारी को आरोपी मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में मंगलवार को नौतनवां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राय, उपनिरीक्षक अम्बिका चौहान, उपनिरीक्षक तनु दुबे, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र तिवारी तथा कांस्टेबल राजन यादव शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच जारी है।

निजी नलकूप के पास मिला किशोर का शव, गांव में सनसनी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर कठही गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक निजी नलकूप के पास 15 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बबुआपुर गांव के दक्षिण स्थित मठिया के पास एक निजी नलकूप है। नलकूप के पास बनी पानी टकी पर मंगलवार सुबह एक किशोर का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। सुबह जब गांव का एक युवक नलकूप पर पहुंचा तो वहां शव देखकर सन्न रह गया। उसने तुरंत इसकी सूचना नलकूप मालिक को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही बसुधरपाह चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हल्दी थाने भिजवा दिया। घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की जानकारी लेने लगे।
पुलिस ने मृतक की पहचान रितेश उर्फ नक्का यादव (15) पुत्र नंदजी यादव, निवासी बबुआपुर कठही, थाना हल्दी के रूप में की। मृतक के पिता नंदजी यादव ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की।मृतक की मां सोनी देवी ने बताया कि उनका बेटा सोमवार की शाम करीब पांच बजे बारात में जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, तभी मंगलवार सुबह उसके शव मिलने की खबर मिली। यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी, थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय, दुबहर थानाध्यक्ष अजय पाल, रेवती थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल तथा दोकटी थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मृतक सात बहनों और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार की पांच बहनों और एक भाई की शादी हो चुकी है। पिता गांव में रहकर खेती-बाड़ी और पशुपालन का कार्य करते हैं।थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार राय ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

विदेशों में फंसे लोगों के लिए मसीहा बने लाल इंद्रजीत पांडेय

भाटपार/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
ईरान 🇮🇷, अमेरिका 🇺🇸 और इज़राइल 🇮🇱 के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण खाड़ी देशों में काम कर रहे हजारों भारतीय चिंता और असमंजस की स्थिति में हैं। ऐसे कठिन समय में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के एक युवा उद्यमी प्रवासी भारतीयों के लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं।
देवरिया जिले के भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र के महुजा ग्राम निवासी इंद्रजीत पांडेय, जो पिछले कई वर्षों से अरब देशों में अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, संकट की इस घड़ी में खाड़ी देशों में फंसे लोगों की लगातार मदद कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युद्ध और तनाव के कारण कई लोग विभिन्न देशों में फंस गए हैं और उनके परिजन जो भारत में है वें काफी चिंतित हैं। ऐसे में फंसे हुए लोगों के परिजन लगातार इंद्रजीत पांडेय से संपर्क कर रहे हैं। पांडेय अपनी टीम के साथ मिलकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और ओमान के माध्यम से उन्हें भारत वापस भेजने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वे लगातार प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बनाकर और स्थानीय संसाधनों की मदद से लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। उनके इस मानवीय प्रयास से कई परिवारों को राहत मिली है और वे उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों और प्रवासी भारतीयों का कहना है कि संकट के इस दौर में इंद्रजीत पांडेय का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। समाज के प्रति उनकी यह सेवा भावना एक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।

संपर्क सूत्र:
📞 00968-96480311 (ओमान)
📞 0091-8542996655 (भारत)

ड्यूटी से गैरहाजिर 17 पुलिसकर्मी सस्पेंड

एसपी की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी से लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे 17 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए कर्मियों में सिपाही, हेड कांस्टेबल और एक दरोगा भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी पुलिसकर्मी काफी समय से बिना सूचना ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच कराई, जिसमें उनकी अनुपस्थिति की पुष्टि होने पर सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया गया। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

रसोई गैस की आपूर्ति को ठीक करे सरकार आमजन परेशान – डॉ धर्मेन्द्र पांडेय

कांग्रेस की बैठक में उठा रसोई गैस के दाम कम करने व सही तरीके से आपूर्ति की मांग

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
पूरे क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति कम होने से आमजन परेशान है,भोर में ही गैस सिलेंडर लेकर लोग गैस एजेंसी पर पहुंच जा रहे हैं तब भी सबको गैस सिलेंडर नही मिल पा रहा है। उक्त बातें कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र पांडेय ने कहा। उन्होंने कहा कि सरकार रसोई गैस की कमी नही होने का दावा कर रही है, अगर किल्लत नही है तो यह स्थिति कैसे उत्पन्न हो गई है।भाजपा सरकार इस व्यवस्था को तुरंत ठीक करावे, सिलेंडर के बढ़े दाम से लोग पहले ही परेशान थे। पूरे क्षेत्र में हर गैस एजेंसी पर लंबी कतारें लगी हुई है। यह सरकार आम जनता को पहले ही महंगाई के मार से परेशान कर दिया है। अब तो गैस सिलेंडर के अभाव में चूल्हे भी बंद हो जाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष मनीष रजक ने कहा कि जनता भाजपा के शासन से अब पूरी तरह से परेशान हो गई है।अब बिना कांग्रेस की सरकार बने आमजन का भला नहीं हो सकता है।बैठक को जिला सचिव परमानन्द प्रसाद,सत्यम पांडेय,सत्यवान पांडेय, सुच्चन खान,विजय लाल,दयाशंकर यादव, मोहन प्रसाद,डॉ याहिया अंजुम, अखिलेश मिश्र, विद्यासागर मिश्र, रोहित यादव, रामकेवल चौहान, अवधेश पांडेय, अवधेश यादव, संतोष तिवारी, मुन्ना सिंह, मणिप्रकाश पांडेय, नासिर खान आदि ने सम्बोधित किया।