अवैध वसूली बंद करने, होम डिलीवरी सुनिश्चित करने व कॉल सेंटर स्थापित करने की उठाई मांग, 30 मार्च से अनशन की चेतावनी
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां क्षेत्र में गैस एजेंसियों की कथित मनमानी और अवैध वसूली के खिलाफ भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उन्होंने चार सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद को सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नौतनवां स्थित इंडेन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं से गैस रिफिल के निर्धारित मूल्य से अधिक 30 से 50 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। भाजपा नेता ने इस वसूली को तत्काल बंद कराने की मांग करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि गैस रिफिल की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं को गोदाम या अन्य स्थानों पर लाइन में खड़ा न होना पड़े। साथ ही, इस व्यवस्था के बारे में लाउडस्पीकर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर उपभोक्ताओं में व्याप्त भ्रम की स्थिति को समाप्त किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि एजेंसी कार्यालय पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कॉल सेंटर स्थापित किया जाए, जहां उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। इसके अतिरिक्त, मांगलिक कार्यक्रमों या मृत्यु उपरांत कर्मकांड जैसे विशेष अवसरों के लिए अतिरिक्त गैस सिलेंडर की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि 29 मार्च तक इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 30 मार्च से क्रमिक अनशन शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी एजेंसी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
