बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। आदर्श नगर पंचायत बेल्थरारोड क्षेत्र में शनिवार शाम हुई गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यादव नगर मोहल्ला निवासी आयुष यादव (25) पुत्र बच्चा यादव शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे बंशी पैलेस के पास अपने घर के निकट टहल रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक से पहुंचे तीन-चार बदमाशों ने पहले से घात लगाकर उस पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान आयुष यादव ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें – धनुष यज्ञ मेले में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों ग्रामीणों को मिल रहा लाभ
मामले में मृतक के मौसेरे भाई आलोक यादव पुत्र बीरेंद्र यादव, निवासी चौकियां मोड़ की तहरीर पर पुलिस ने रोबिन सिंह, पवन सिंह, रोहित और राज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 109(1) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, वाराणसी में मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें – अंबेडकर नगर में सात दिवसीय संगीतमय श्री रामकथा का शुभारंभ आज, पवन महाराज करेंगे अमृतवाणी का वाचन
