Wednesday, January 14, 2026
HomeUncategorizedबौलिया पोखरा को मिलेगी नई पहचान

बौलिया पोखरा को मिलेगी नई पहचान

48 लाख की लागत से होगा ऐतिहासिक पोखरे का सुंदरीकरण, नगर को मिलेगी सांस्कृतिक संजीवनी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बृजमनगंज नगर पंचायत क्षेत्र के सहजनवां बाबू रोड पर स्थित वार्ड संख्या–2 में अवस्थित प्राचीन एवं आस्था से जुड़े बौलिया पोखरे के सुंदरीकरण की दिशा में लंबे समय से प्रतीक्षित पहल को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। शासन द्वारा पोखरे के सुंदरीकरण के लिए 48 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। स्वीकृति के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
बौलिया पोखरा न केवल नगर का एक प्रमुख जलस्रोत रहा है, बल्कि यह धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। वर्षों से नगर और आस-पास के क्षेत्रों की महिलाएं विवाह, धार्मिक अनुष्ठानों एवं पारंपरिक संस्कारों के दौरान इस पोखरे से जुड़ी परंपराओं का पालन करती आ रही हैं। यह पोखरा स्थानीय आस्था और परंपरा का जीवंत प्रतीक रहा है।
हालांकि बीते कई वर्षों से अवैध अतिक्रमण, नियमित देख-रेख के अभाव और उपेक्षा के चलते पोखरे की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। जलभराव की समस्या, गंदगी और अतिक्रमण के कारण इसका प्राकृतिक स्वरूप लगभग समाप्त हो गया था, जिससे नगर की ऐतिहासिक धरोहर पर संकट खड़ा हो गया था। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इसके संरक्षण और सुंदरीकरण की मांग कर रहे थे।
इसी क्रम में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बौलिया पोखरे का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि पोखरे के सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। स्वीकृत धनराशि से पोखरे का समग्र विकास कराया जाएगा, जिससे इसे उसका पुराना वैभव और पहचान पुनः प्राप्त हो सके।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सुंदरीकरण के बाद पोखरा न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक बनेगा, बल्कि नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे नगर पंचायत के आदर्श नगर की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सभासद जितेंद्र कुमार, इसरार अहमद, कासिम खान, दीपक विश्वकर्मा सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने शासन एवं नगर पंचायत के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नगर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। नागरिकों का कहना है कि बौलिया पोखरे का सुंदरीकरण आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य विरासत साबित होगा। अब नगरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सुंदरीकरण का कार्य कितनी शीघ्रता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाता है, ताकि वर्षों से उपेक्षित इस ऐतिहासिक पोखरे को फिर से उसका गौरव मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments