Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबहराइच: डीएम की अध्यक्षता में तहसील नानपारा में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान...

बहराइच: डीएम की अध्यक्षता में तहसील नानपारा में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापरक निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस की कड़ी में तहसील नानपारा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह सहित अन्य जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई की।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निस्तारण की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे फरियादी पूरी तरह संतुष्ट हो सके और उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

ये भी पढ़े – ODOP के बाद अब एक जिला एक व्यंजन योजना, पारंपरिक स्वादों को मिलेगा वैश्विक मंच

इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ला, एलडीएम जितेन्द्र मंसद, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विकास खंड अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों तथा विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

आंकड़ों के अनुसार, तहसील नानपारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 32 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर ही 4 प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 20 प्रार्थना-पत्रों में से 2 का निस्तारण, कैसरगंज में प्राप्त 62 में से 5, पयागपुर में प्राप्त 43 में से 5, महसी में प्राप्त 15 में से 1 तथा तहसील सदर में प्राप्त 15 प्रार्थना-पत्रों में से 2 का निस्तारण मौके पर किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण करते हुए उसकी रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/shear-strength-of-soil-mohr-coulomb.html?m=1

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments