छिन्दवाड़ा/म.प्र. (राष्ट्र की परम्परा)। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ, जिला छिन्दवाड़ा (म.प्र.) में सतपुड़ा विधि महाविद्यालय, मोहन नगर छिन्दवाड़ा के सहयोग से राष्ट्रीय समाज रक्षा संस्थान, नई दिल्ली (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा प्रायोजित “कॉलेज विद्यार्थियों के साथ अंतरपीढ़ीगत बंधन को प्रोत्साहित करने पर एक दिवसीय जागरूकता/संवेदीकरण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पन्न हुआ, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ अंतरपीढ़ीगत समन्वय विषय पर जागरूकता एवं संवेदीकरण किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ भारत माता के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। प्रथम सत्र में विषय विशेषज्ञ के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. आर. पी. यादव ने विद्यार्थियों को अंतरपीढ़ीगत समन्वय स्थापित करने के उपायों तथा वरिष्ठ नागरिकों के प्रति व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
द्वितीय सत्र में डॉ. फरहत मंसूरी ने छात्रों को उनके अधिकारों तथा विधिक जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि समाज के वरिष्ठ नागरिक युवाओं के साथ किस प्रकार समन्वय स्थापित कर सकते हैं और युवा वर्ग उन्हें डिजिटल माध्यमों से किस प्रकार सशक्त बना सकता है।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. नोखेलाल साहू, डॉ. दिनेश वर्मा, सूर्यकान्त शुक्ला, मनीष कुमार ठाकुर, दुजारी बोसम, आकाश अहाके तथा राम प्रकाश डेहरिया उपस्थित रहे। सतपुड़ा विधि महाविद्यालय से कार्यक्रम के संयोजक वेदांश शुक्ला एवं आनन्द बाजपेयी ने भी सहभागिता की। आयोजन समिति के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग दिया और प्रतिभागियों को सामाजिक विषयों से संबंधित पुस्तकें भी वितरित की गईं।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. आर. पी. यादव ने आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उनके नैतिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम सतपुड़ा लॉ कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश तिवारी के सहयोग एवं मार्गदर्शन से सम्पन्न हुआ।
