
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आज दीपावली है जो सनातनियों के नव उल्लास का पर्व है। इस दिन लोग अपने पूरे घर और व्यवसायिक प्रतिष्ठान को रोशनी से जगमग करते हैं। मां लक्ष्मी से हर सुख समृद्धि की कामना करते हैं। घर के उपयोगी वस्तुओं की खरीददारी भी करते हैं।इसके लिए बाजार में रौनक भी बढ़ गई है। लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं।
इस बार की दीपावली महत्वपूर्ण है। दीपावली पूजन के वक्त राजयोग दिलाने वाले पांच शुभ योग बन रहे हैं। इसलिए दीपावली पर विधि विधान से पूजा करें। यह योग आपको चमत्कारिक ढंग से लाभ दिला सकते हैं।
हिंदू पंचांग के अनुसार पांच राजयोग में गजकेसरी, हर्ष, उभयचरी, काहल और दुर्धरा हैं। जो राजयोग का निर्माण करने वाले ग्रह शुक्र, बुध, चंद्रमा और गुरु की स्थिति के कारण बन रहा है। इसमें गजकेसरी योग बहुत ही शुभकारी है। जो आपको मान, सम्मान और लाभ दिलाने वाला होता है। वहीं हर्ष योग धन में वृद्धि और यश दिलाता है, जबकि बाकी काहल ,उभयचरी और दुर्धरा योग शुभता और शांति दिलाता है।
कई सालों बाद दीवाली पर यह दुर्लभ संयोग भी देखने को मिलेगा जब शनि अपनी स्वयं की राशि कुंभ में विराजमान होकर शश महापुरुष राजयोग का निर्माण करेंगे। इसके अलावा दीवाली पर आयुष्मान और सौभाग्य योग का निर्माण भी होगा।
इस साल नरक चतुर्दशी दो दिन की है। कल मनाई गई और आज भी मनाई जाएगी। नरक चौदस प्रति वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर पड़ती है, जो कल दोपहर 1 बजकर 57 मिनट से आरंभ हुई और आज की दोपहर दो बजकर 44 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के हिसाब से नरक चतुर्दशी आज मनाई जाएगी। इसके साथ ही जो लोग यम देवता के साथ कालीजी और हनुमानजी की पूजा करते हैं वह लोग कल ही नरक चतुर्दशी मना लिए। शनिवार को चतुर्दशी के प्रदोष काल में 14 दीपक यम के नाम से लगाए जाते है। नरक चौदस को कुछ स्थानों पर रूप चौदस और काली चौदस के नाम से भी जाना जाता है। नरक चतुर्दशी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध किया था। वहीं इस दौरान नरक से बचने के लिए भी कुछ खास उपाय किए जाते हैं।
दीपावली के दिन शुभ मुहूर्त
सुबह 11 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 32 मिनट तक है।
दीपावली के दिन शुभ प्रदोष व ठेला शाम पांच बजकर 37 मिनट से रात सात बजकर 48 मिनट तक है।
दीपावली के दिन महानिशीथ काल रात्रि 11 बजकर 39 मिनट से 12 बजकर 31 मिनट तक है।
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त शाम पांच बजकर 40 मिनट से शाम सात बजकर 36 मिनट तक है।
सिंह काल दोपहर 12 बजकर 12 मिनट से दो बजकर 30 मिनट तक है। दीवाली में शुभ मुहूर्त और पूजा मुहूर्त में पूजा होगी।
जिसमें अपराह्न मुहूर्त्त (शुभ) एक बजकर 26 मिनट से दो बजकर 47 मिनट तक।
सायंकाल मुहूर्त्त (शुभ, अमृत, चल)शाम पांच बजकर 29 मिनट से रात्रि 10 बजकर 26 मिनट तक रात्रि मुहूर्त्त (लाभ)- एक बजकर 44 मिनट से तीन बजकर 23 मिनट तक।
आज अभ्यंग स्नान का मुहूर्त
आज नरक चतुर्दशी के दिन अभ्यंग स्नान का विशेष महत्व है। इस दिन सूर्योदय के पहले शरीर पर उबटन लगाया जाता है और स्नान किया जाता है। माना जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति हर बीमारी से दूर रहता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार अभ्यंग स्नान का समय आज सुबह 5 बजकर 28 मिनट से 6 बजकर 41 मिनट तक है।
दीपावली का त्योहार आज
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या आज दोपहर 2बजकर 44 मिनट से सोमवार की दोपहर 2बजकर 56 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर कार्तिक अमावस्या सोमवार की होगी, लेकिन अमावस्या तिथि में प्रदोष काल आज प्राप्त हो रहा है, कल प्रदोष काल के समय शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि लग जाएगी। इस वजह से इस साल दीपावली का त्योहार आज मनाया जाएगा।