Tuesday, February 24, 2026
HomeNewsbeatतिरंगे के साए में जिले की सड़कों पर दिखी एकता और उमंग...

तिरंगे के साए में जिले की सड़कों पर दिखी एकता और उमंग की मिसाल

देशभक्ति गीतों और नारों के साथ निकली तिरंगा यात्रा, पूरे शहर में छाया रहा उत्साह

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को जिला मुख्यालय पर एक ऐतिहासिक और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ, जिसने नगर के वातावरण को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यह यात्रा बैंक चौराहा से शुरू होकर गोल बाजार पेट्रोल पंप तक पहुंची। पूरे मार्ग पर राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नारों की गूंज रही, लोग हाथों में तिरंगा लहराते हुए एक स्वर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष करते नजर आए।
यात्रा की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। देशभक्ति के नारे माहौल को ऊर्जावान बना रहे थे। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति गीत गाकर यात्रा का मान बढ़ाया।
मुख्य अतिथि सुभाष यदुवंश ने यात्रा का शुभारंभ करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे स्वतंत्रता संग्राम का साक्षी और देश की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल उत्सव के दिन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में भी देशहित को सर्वोपरि रखें।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें उन वीर सपूतों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राण न्यौछावर कर हमें स्वतंत्रता दिलाई।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद ने कहा कि यह यात्रा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसी पहलें समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं।
अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा श्रीवास्तव ने करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे लिए सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि यह हमारे गौरव, त्याग और बलिदान की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए हम स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हैं और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेते हैं।
मार्ग में कई स्थानों पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया, फूल बरसाए और तिरंगा वितरण किया। जगह-जगह पर पानी और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का समापन गोल बाजार पेट्रोल पंप पर राष्ट्रगान और सामूहिक सलामी के साथ हुआ।
यह तिरंगा यात्रा न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल कर गई, बल्कि संत कबीर नगर के नागरिकों के हृदय में एकता और गर्व का नया संचार भी कर गई।
तिंरगा यात्रा में पूर्व पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, डॉ. मनोज पाण्डेय, सतविंदर पाल जज्जी, गौरव निषाद, संदीप वर्मा, अरुण गुप्ता, विद्याधर यादव सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments