
कोपागंज/मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कनियारीपुर में बीती रात्रि अराजक तत्वों ने सड़क किनारे स्थापित अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह होते ही घटना की जानकारी फैलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश व्यक्त किया। सूचना पाकर थाना अध्यक्ष रविंद्र नाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा लगाई जाए, हार्ड मास्क लाइट और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस तरह की घटनाओं की निगरानी हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह आठवीं बार है, जब अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया। इससे पहले 27 मार्च 2024 और 5 दिसंबर 2019 के अलावा पांच अन्य अवसरों पर भी प्रतिमा क्षतिग्रस्त की जा चुकी है। जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी जितेंद्र गोयल ने पुलिस को तहरीर देकर अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं थाना अध्यक्ष रविंद्र नाथ राय ने तत्काल प्रतिमा की मरम्मत करवाकर लोगों को शांत कराया।
