शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। शाहजहांपुर जनपद के थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुनिया देवी नामक महिला द्वारा प्रत्येक रविवार को चंगाई सभा आयोजित की जाती है, जहां चमत्कार और बीमारी ठीक करने के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को प्रभावित किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गतिविधि लंबे समय से चल रही है और इससे गांव में तनाव और अशांति का माहौल बनता जा रहा है। कई बार आपत्ति जताने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मामले की जानकारी मिलते ही भारतीय हिंदू सरकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ठाकुर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराते हुए रविवार तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय सीमा तक संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ये भी पढ़ें – तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: गोरखपुर में 5 लोगों को रौंदा, चालक समेत 2 की मौत, नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ रहा है और गांव का माहौल खराब हो रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में गढ़िया रंगीन थाना प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें – सुबह-सुबह पुलिस की मौजूदगी से अपराधियों में हड़कंप, देवरिया में चला विशेष चेकिंग अभियान
